Site icon YASHBHARAT.COM

JNU के छात्रों और पुलिस की झड़प, ये है वजह

jnu protest 19 03 2018

नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्रों और पुलिस के बीच वसंत कुंज थाने के सामने झड़प हो गई। जेएनयू के छात्र थाने के बाहर एक प्रोफेसर के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। छात्रों का आरोप है कि ये प्रोफेसर छात्रों के साथ शारीरिक दुर्व्यवहार करता है। प्रोफेसर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर छात्र वसंत कुंज थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस और छात्रों के बीच विवाद हो गया।

जेएनयू छात्र संगठन ने पुलिस के खिलाफ अपना विरोध जताया। छात्र संगठन की नेता गीता ने कहा कि, इस मामले की शिकायत शुक्रवार को की गई थी। मगर दो दिनों के भीतर भी पुलिस अपनी जांच पूरी नही कर पाई और अब तक आरोपी प्रोफेसर को पुलिस ने नहीं पकड़ा है। प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। छात्राओं ने आरोपी प्रोफेसर को जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की।

प्रोफेसर के खिलाफ JNU छात्र हुए लामबंद
सोमवार को छात्रों ने इस मामले को लेकर वसंत कुंज थाने का घेराव किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं थाने के बाहर धरने पर बैठ गए और आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करने की मांग की। वहीं छात्रों ने दिल्ली पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए जल्द से जल्द आरोपी प्रोफेसर की गिरफ्तारी की मांग की। छात्रों ने थाने के बाहर दिल्ली पुलिस और आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शनकारी थाने के भीतर घुसने की कोशिश करने लगे। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। प्रदर्शनकारियों के काबू करने के लिए थाने के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। थाने के बाहर छात्रों की भीड़ जमा होने से बाहर सड़क पर जाम लग गया।
https://twitter.com/ANI/status/975735819549003776/photo/1
Exit mobile version