Site icon Yashbharat.com

जब ज्योतिरादित्य सिंधिया और राजबब्बर कर रहे थे हार की समीक्षा, बाहर आपस में ही भिड़े कांग्रेसी

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की हार की समीक्षा के लिए इकट्ठा हुए कांग्रेस नेता आपस में भिड़ पड़े. लोकसभा चुनाव में गाजियाबाद सीट से कांग्रेस उम्मीदवार डॉली शर्मा के पिता और शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज पार्टी के गाजियाबाद जिला अध्यक्ष हरेंद्र कसाना के साथ उलझते दिखाई दिए.
लोकसभा चुनाव 2019 में मिली करारी हार के बाद मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस की समीक्षा बैठक हुई. इस बैठक में उत्तर प्रदेश में पार्टी की हार की समीक्षा के लिए जुटे कांग्रेसी नेता आपस में ही भिड़ गए. इस अनुशासनहीनता पर कांग्रेस के एक नेता ने सफाई दी कि यह हमारा अंदरूनी मामला है. दरअसल हार की समीक्षा के लिए कांग्रेस के पश्चिमी यूपी के 10 जिलों के नेताओं को बुलाया गया था. यह बैठक दिल्ली के गुरुद्वारा रकाबगंज परिसर में हो रही थी.
कांग्रेस नेता जब बैठक के बाद परिसर के बाहर निकले तो एक-दूसरे से भिड़ते हुए दिखाई दिए. बैठक के बाद परिसर में जमकर हंगामा हुआ. पिछले महीने संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में गाजियाबाद सीट से कांग्रेस उम्मीदवार डॉली शर्मा के पिता और शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज पार्टी के गाजियाबाद जिला अध्यक्ष हरेंद्र कसाना के साथ उलझते दिखाई दिए.
मंगलवार की समीक्षा बैठक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 10 जिलों की थी. ज्योतिरादित्य सिंधिया और राज बब्बर ने 10 जिले के प्रत्याशियों, पूर्व विधायक, पूर्व सांसदों और पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक बुलाई थी. अगली समीक्षा बैठक 14 जून को लखनऊ में होगी.
बता दें कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ने का फैसला किया था. लेकिन उसे आशा के अनुरूप कामयाबी नहीं मिली. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को अपनी परंपरागत अमेठी सीट पर हार का सामना करना पड़ा. कांग्रेस के खाते में सिर्फ सोनिया गांधी की रायबरेली सीट आई. कांग्रेस ने इसी साल जनवरी में पश्चिमी यूपी की कमान ज्योतिरादित्य सिंधिया और पूर्वी यूपी की जिम्मेदारी प्रियंका गांधी को दी थी. लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद पार्टी को राज्य की 80 लोकसभा सीटों में से सिर्फ 1 सीट पर ही जीत मिल सकी.

Exit mobile version