जबलपुर: शहपुरा में नो एंट्री ड्यूटी के दौरान विवाद, टीआई और हेड कांस्टेबल के बीच मारपीट में टूटे दांत, जवान सस्पेंड
जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के शहपुरा थाने में रविवार रात ड्यूटी के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नो एंट्री ड्यूटी के दौरान थाना प्रभारी (TI) और हेड कांस्टेबल के बीच तीखी बहस के बाद मारपीट हो गई। इस झड़प में जवान के दांत टूट गए और वर्दी भी फट गई। मामला तूल पकड़ते ही पुलिस प्रशासन ने हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला? (विवाद की वजह)
घटना शहपुरा के अमन ढाबा के पास की है, जहां शाम 5 बजे से रात 1 बजे तक नो एंट्री लागू थी। ट्रकों की आवाजाही रोकने के लिए हेड कांस्टेबल लखन निषाद की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान पूजन सामग्री से लदा एक ट्रक वहां पहुंचा। चालक ने नो एंट्री के बावजूद आगे जाने का अनुरोध किया। बार-बार आग्रह करने पर हेड कांस्टेबल लखन निषाद ने ट्रक ड्राइवर को थाना प्रभारी प्रवीण का मोबाइल नंबर दे दिया।ट्रक चालक ने टीआई प्रवीण को फोन कर गाड़ी जाने देने की अनुमति मांगी। जब टीआई ने पूछा कि नंबर किसने दिया, तो चालक ने हेड कांस्टेबल का नाम बताया। इसी बात पर टीआई और जवान के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
मारपीट में टूटे दांत, वर्दी फटी
कहासुनी के बाद दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक आ पहुंची। इस झड़प में हेड कांस्टेबल के दांत टूट गए और उनकी वर्दी भी फट गई। सड़क पर पुलिसकर्मियों के बीच हुए इस हंगामे से हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ अधिकारियों की कार्रवाई: हेड कांस्टेबल निलंबित
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचते ही तत्काल कार्रवाई की गई, अनुशासनहीनता और विवाद के आरोप में हेड कांस्टेबल लखन निषाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया गया है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का जिम्मा एसडीओपी पाटन (SDOP Patan) को सौंपा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

