जबलपुर में बंद फ्लाईट अब जल्द ही शुरू होंगी, बुधवार से डुमना एयरपोर्ट से पांच विमान भरेंगे उड़ान

जबलपुर, (यशभारत) । कोरोना लॉकडाउन के दौरान बंद हुई फ्लाईट अब जल्द ही शुरू होने वाली हैं। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इसकी पुष्टि डुमना एयरपोर्ट प्रबंधन ने की है। शहर में बुधवार से डुमना एयरपोर्ट से जहां पांच विमान उड़ान भरेंगे। वहीं पांच विमान यहां लैंड भी होंगे। इनमें से तीन विमान दिल्ली से आएंगे और जाएंगे। वहीं दो उड़ानें मुंबई से आएंगी और जाएंगी।

लॉक डाउन के बाद से विमान सेवाओं के ग्राफ में कमी आई थी। नए शेड्यूल के मुताबिक अब केवल दिल्ली और मुंबई के लिए सीधी फ्लाइट होगी।

कोरोना संक्रमण के चलते एयर इंडिया ने सप्ताह में तीन दिन दिल्ली से जबलपुर और तीन दिन जबलपुर से दिल्ली के लिए विमान सेवा शुरू की थी। इसे भी बुधवार से नियमित कर दिया जाएगा।

इंडिगो की ओर से एक जुलाई जबलपुर से मुंबई और जबलपुर से दिल्ली की नई विमान सेवा शुरू की जा रही है।

दिल्ली और मुम्बई रूट पर अधिक ट्रैफिक होने के कारण यह निर्णय लिया गया है। जानकारी के अनुसार इंडिगो के विमान अन्य विमान कम्पनियों से अधिक यात्री क्षमता वाले होंगे।

↑
Exit mobile version