जबलपुर के वेटरनरी काॅलेज का तेंदुआ एमईएस कैंपस पहुंचा

जबलपुर। वेटरनरी काॅलेज कैंपस में आया तेंदुआ अब मिलेट्री इंजीनियरिंग सर्विस एमइएस कैंपस पहुंच गया है। पुलिस कंट्रोल रूम से मिली इस खबर पर आज शनिवार की सुबह वन विभाग की रेस्क्यू टीम गोराबाजार तिराहा के पास आर्मी प्रशासन के अधीन एमइएस कैंपस में पहुंच गई।

वनकर्मियों को सैन्य जवानों ने बताया कि बीती रात 10-11 बजे के बीच कैंपस के एक पुराने क्वार्टर में तेंदुआ देखा है।

सैन्य जवानों के बताए अनुसार
वनकर्मियों ने एमइएस कैंपस के जर्जर क्वार्टर और उसके आस-पास मुआयना किया। इस दौरान वनकर्मियों को वन्यजीव के पदचिह्न या कोई अन्य प्रमाण नहीं मिले हैं।

वनकर्मियों का मानना है कि वेटरनरी कॉलेज कैंपस की स्माल एनिमल रिसर्च लैब के पास देखा गया तेंदुआ 3-4 दिनों से गायब है, जो वहां से कूच करके एमइएस तक आ गया है। इसी आधार पर वनकर्मी एमइएस कैंपस में इस वन्यजीव और उसके होने के प्रमाण खोज रहे हैं।

दो किमी का फासला
मिलट्री हाॅस्पिटल के पीछे गोराबाजार तिराहे के पास स्थित एमइएस कैंपस और वेटरनरी काॅलेज के बीच करीब दो किलोमीटर का फासला है। यह तेंदुआ वेटरनरी काॅलेज कैंपस से कूच करके आर्मी क्वार्टर, कोबरा ग्राउंड, डिफेंस सिनेमा, 2टीटी आर होकर एमइएस कैंपस पहुंच भी सकता है।

अब तक नहीं मिले प्रमाण

वेटरनरी काॅलेज के सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ की तस्वीरें आईं थीं और यहां वन्यजीव के पदचिह्न भी मिले थे। वहीं एमइएस कैंपस में वन अमले को अब तक इस वन्यजीव की मौजूदगी के प्रमाण नहीं मिले हैं। इसके बाद भी वनकर्मियों ने एमइएस कैंपस के सैन्य परिवारों की सुरक्षा के लिए आर्मी कैंपस और आस-पास के क्षेत्र में नियमित गश्त करने कहा है।

वन्यजीव का काॅरिडोर

वन्यप्रेमियों की मानें तो करीब 30 साल पहले तक शहर के आस-पास स्थित खमरिया, पिपरिया, डुमना, सीएमएम, सिविल लाइन, कजरवारा, गोराबाजार, बिलहरी, तिलहरी, भटौली, रामपुर, बरगी हिल्स क्षेत्र तेंदुआ का काॅरिडोर रहा है। शहर का आबादी क्षेत्र बढ़ने से अपने काॅरिडोर में विचरण करता वन्यजीव कभी-कभार लोगों को भी दिखाई देता है।

पीएल बरकड़े, रेंजर जबलपुर, वन विभाग ऩे बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से एमइएस कैंपस में तेंदुआ देखे जाने की खबर मिली है। रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया, जो सैन्य जवानों के बताए अनुसार जर्जर मकान और आस-पास के क्षेत्र में वन्यजीव की मौजूदगी के प्रमाण खोज रही है।

Exit mobile version