जबलपुर के डॉ. अशोक खन्ना बने कोविड वैक्सीन के वालंटियर, लगवाया टीका
जबलपुर। पिछले लंबे समय से जबलपुर में एमडी मेडिसन के रूप में सेवाएं दे रहे जाने माने चिकित्सक डॉ. अशोक खन्ना ने कोविड वैक्सीन ट्रायल में सपरिवार 8 अक्टूबर को इंजेक्शन लगवाया है।
आशीष शुक्ला की डॉ अशोक खन्ना से चर्चा
उनका कहना है कि किसी को तो आगे आना होगा। तो मैं अपने डॉक्टर बेटे की पहल पर जबलपुर से पूना पहुुंचा और वहां मैंने अपनी पत्नी और बेटे व बहू के साथ वैक्सीन लगवाया।
उन्होंने यशभारत को बताया कि सीरम ऑफ इंस्टीट्यूट ऑक्सफोर्ड द्वारा यह वैक्सीन तैयार की गयी है जिसका पूना में ट्रायल लिया गया। जबलपुर से मैं और मेरी पत्नी श्रीमती नमिता खन्ना ने और पूना में ही दंत चिकित्सक बेटे डॉ. अंकित खन्ना और डॉ रुचिरा खन्ना ने ट्रायल में वैक्सीन लगवाया।
उन्होंने बताया कि 74 वर्ष की आयु में उन्होंने यह कदम उठाया। उनकी पत्नी 68 वर्षीय हैं। डॉ. खन्ना ने बताया कि वैक्सीन लगवाने के बाद पहले दिन बुखार आया, सिर में दर्द हुआ, कुछ घबराहट जरूर है फिर डॉक्टरों ने पैरासिटामॉल खाने को दी जिससे बुखार उतर गया तो फिर राहत मिली।
वैक्सीन के दूसरे चरण के लिए इंजेक्शन 6 नवम्बर को लगेगा जिसके लिए हम सब पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में यह ट्रायल बहुत जरूरी थी।
उल्लेखनीय है कि डॉ. अशोक खन्ना हर समय दिव्यांगों और जरूरतमंदों की सेवा में लगे रहते हैं। रक्तदान में भी वे हमेशा अग्रणी रहते हैं। उनका कहना है कि मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है यही मेरा हमेशा से ध्येय रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे कोरोना से डरे नहीं, घबरायें नहीं, सुरक्षित रहें, घर में रहें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, हमेशा मास्क पहने और जहां भी जाएं संभलकर रहें, बार बार हांथ धोएं सावधानी बरतें।

