Site icon Yashbharat.com

जबलपुर, कटनी सहित कई जिलों में अगले 24 घण्टों में तेज बारिश के संकेत

barish Pani

barish Pani

भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है। आज सुबह जबलपुर और आस-पास के इलाकों में तेज बारिश हुई। यहां कई सड़कों पर पानी भर गया। बहुत दिनों बाद हुई तेज बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई है। इस दौरान जबलपुर के गोहलपुर में नाले में एक लड़के के बहने की सूचना भी सामने आई है।

बंगाल की खाड़ी में एक ऊपरी हवा का चक्रवात बन गया है। इस सिस्टम के रविवार को कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इस सिस्टम के असर से रविवार से मध्य प्रदेश में बरसात का दौर शुरू होने की उम्मीद है। उधर शनिवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मंडला में 38, रीवा में 15, दमोह, सागर में 13, जबलपुर में 12, छिंदवाड़ा में 11, उज्जैन, नरसिंहपुर में 7, होशंगाबाद में 5, उमरिया में 4, गुना में 3, भोपाल में 2.6 मिमी. बारिश हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में मानसून ट्रफ दिल्ली से होकर गुजर रही है। एक ऊपरी हवा की द्रोणिका लाइन (ट्रफ) अरब सागर से उत्तरी मध्य प्रदेश से होकर बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इस सिस्टम के कारण प्रदेश में नमी आ रही है। इससे छिटपुट बौछारें पड़ रही हैं। शुक्ला ने बताया कि शनिवार को बंगाल की खाड़ी में ऊपरी हवा का चक्रवात बन गया है। इस सिस्टम के रविवार को कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस सिस्टम के असर से रविवार से पूर्वी मध्य प्रदेश सहित प्रदेश के कई स्थानों पर बरसात की गतिविधियों में तेजी आने के आसार हैं। सिस्टम के आगे बढ़ने पर सोमवार-मंगलवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर झमाझम बरसात होने की भी उम्मीद है।

13 फीसद कम हुई बरसात

इस वर्ष शनिवार सुबह 8:30 बजे तक सीजन की कुल 457.6 मिमी. बरसात हुई है। जो कि सामान्य (527.8मिमी.) के मुकाबले 13 फीसद कम है। अभी तक प्रदेश के अलीराजपुर, धार, मंदसौर, शाजापुर, गुना, शिवपुरी, श्योपुर, ग्वालियर, भिंड, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह, कटनी, जबलपुर, मंडला, नरसिंहपुर, होशंगाबाद, बालाघाट में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है।

Exit mobile version