Site icon Yashbharat.com

चीन ने पूर्वी लद्दाख में एलएसी से 10 हजार सैनिकों को वापस बुलाया, जानें क्‍या है इसकी वजह

bharat china border

bharat china border

नई दिल्‍ली। पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर सैनिकों को पीछे हटाने को लेकर भारत का दबाव रंग लाया है। समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी सेना वास्‍तविक नियंत्रण रेखा यानी एलएसी से 10 हजार सैनिकों को वापस बुलाएगी। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि चीनी सेना यानी पीएलए ने अपने 10 हजार सैनिकों एलएसी से वापस बुलाने का फैसला किया है। गौर करने वाली बात है कि भारत लगातार एलएसी से सैनिकों की क्रमिक वापसी के मसले पर चीन के साथ संवाद करता रहा है।

बीते दिनों विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता अनुराग श्रीवास्‍तव ने बताया था कि एलएसी पर तनाव घटाने के मसले पर भारत चीन से लगातर संपर्क बनाए हुए है और दोनों देश के राजनयिक लगातार संवाद कर रहे हैं। यही नहीं बीते दिनों चीनी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सीनियर कर्नल तेन केफेई (Colonel Tan Kefei) ने कहा था कि एलएसी से सैनिकों की वापसी के मसले पर होने वाली कोर कमांडर स्तर की नौवें दौर की बैठक (Commander level meet) को लेकर भारत और चीन बातचीत कर रहे हैं।

मालूम हो कि पूर्वी लद्दाख में पिछले साल अप्रैल मई से ही चीन ने एलएसी पर अपने सैनिकों का जमावड़ा बढ़ा दिया था। चीन के आक्रामक रुख को भांपते हुए भारत ने भी एहतियात के तौर पर बड़ी संख्‍या में अपने सैनिकों को तैनात कर दिया था। एलएसी पर जारी गतिरोध को खत्‍म करने के लिए दोनों देशों के बीच लगातार बातचीत जारी थी। बातचीत में चीन अपने सैनिकों को पीछे हटाने की बात तो करता था लेकिन इस पर अब तक अमल नहीं हुआ था। अब एकबार फि‍र चीन की ओर से सैनिकों को वापस बुलाने की बात सामने आई है।

हालांकि सूत्रों का यह भी कहना है कि चीन की ओर से एलएसी पर भारी हथियारों की तैनाती अभी भी बनी हुई है। सूत्रों का कहना है कि एलएसी पर गहराई वाले क्षेत्रों से सैनिकों को हटाने की एक वजह अत्यधिक सर्दियां भी हो सकती हैं। अत्यंत ठंड वाले इलाकों में बड़ी संख्या में सैनिकों की तैनाती बड़ी चुनौती है। हालांकि यह कहना मुश्किल है कि फरवरी मार्च के महीने में तापमान में बढ़ोतरी होगी तो क्‍या चीन दोबारा अपने सैनिकों को एलएसी पर तैनात करेगा या नहीं… वैसे चीन पर इतना जल्‍द यकीन करना कठिन है।

Exit mobile version