चंबल के इस किरदार ने इरफान खान को दिलाया था नेशनल अवॉर्ड, निधन की खबर से भावुक हुए सिंधियाइरफान खान के निधन पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शेयर की उनकी पुरानी तस्वीर
इरफान खान अभिनीत फिल्म पान सिंह तोमर 2012 में रिलीज हुई थी. उसमें वो लीड रोल में थे. फिल्म की शूटिंग के लिए वो मध्य प्रदेश आए थे. घाटीगांव और आसपास के इलाकों में फिल्म की शूटिंग हुई थी. इस फिल्म में ग्वालियर-चंबल के कई लोकल कलाकारों ने भी रोल किया था.
भोपाल.अभिनेता इरफान खान (irfan khan) के निधन से मध्य प्रदेश (madhya pradesh) भी शोक में है. सब उस बेहतरीन अभिनेता के असमय जाने पर स्तब्ध हैं. सीएम शिवराज सिंह चौहान (shivraj sjingh chauhan), पूर्व सीएम कमलनाथ सहित तमाम लोगों ने उन्हें अपनी-अपनी तरह से याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है. ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इरफान के साथ अपनी फोटो ट्विटर पर शेयर की है. इरफान खान की मध्य प्रदेश से यादें जुड़ी हैं जब वो पान सिंह तोमर (pan singh tomar) फिल्म की शूटिंग के लिए ग्वालियर-चंबल आए थे.
सीएम ने शिवराज सिंह चौहाने ने ट्वीट किया किया कि व्यक्ति के असमय निधन पर बेहद दुख होता है. इरफान खान ने अभिनय शब्द को नयी परिभाषा दी. वो अपने अभिनय के जरिए हमेशा लोगों के दिल में ज़िंदा रहेंगे.
पूर्व सीएम कमलनाथ ने लिखा आज चमकता हुआ एक सितारा हमारे बीच से चला गया. उन्होंने विभिन्न फ़िल्मों के माध्यम से अपनी कला का नायब प्रदर्शन किया. इरफान बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे.
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इरफान खान के साथ अपनी फोटो शेयर करते हुए लिखा-इरफान भारतीय फ़िल्म इंडस्ट्री के एक बेहतरीन अभिनेता थे.हम सबके लिए उनका निधन बड़ी क्षति है.
पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने इमरान खान के निधन पर ट्वीट करके श्रद्धांजलि दी. उन्होंने लिखा इरफान खान एक बेहद संजीदा कलाकार थे. उन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने अभिनय की छाप छोड़ी है.
पान सिंह तोमर का किरदार निभाया था
इरफान खान अभिनीत फिल्म पान सिंह तोमर 2012 में रिलीज हुई थी. उसमें वो लीड रोल में थे. फिल्म की शूटिंग के लिए वो मध्य प्रदेश आए थे. घाटीगांव और आसपास के इलाकों में फिल्म की शूटिंग हुई थी. इस फिल्म में ग्वालियर-चंबल के कई लोकल कलाकारों ने भी रोल किया था. पान सिंह तोमर सेना के खेल पदक विजेता पान सिंह की ज़िंदगी पर आधारित थी, जो बाद में बागी हो गया था. फिल्म का निर्देशन तिग्मांशु धुलिया ने किया था.
आखिरी फिल्म अंग्रेजी मीडियम
बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान का निधन बुधवार को हो गया. उन्हें मंगलवार को पेट के संक्रमण के बाद मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वो 53 साल के थे. खान को दो साल पहले कैंसर हो गया था. उसका इलाज कराने के लंबे समय बाद वो फिर एक्टिंग की दुनिया में लौटे थे. हाल ही में उनकी आखिरी फिल्म अंग्रेजी मीडियम रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों ने बेहद पसंद किया था.
3 दिन पहले मां की मौत
इरफान खान की 95 वर्षीय मां सईदा बेगम का तीन दिन पहले जयपुर में निधन हो गया था. लॉकडाउन के कारण वो अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाये थे.
