Site icon Yashbharat.com

गौतम बगीचा हत्याकांड: चोरी की नियत से घुसे बदमाशों ने की थी हत्या, 2 गिरफ्तार

IMG 20190903 WA0038

कटनी। कोतवाली के शास्त्री कालोनी क्षेत्र में हरतालिका तीज की रात जलसंसाधन विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी के यहां हत्या व चोरी के मामले में पुलिस को सफलता मिल गई है तथा मकान में चोरी की नियत से घुसे दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एलसीडी सहित हत्या में प्रयुक्त किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है। आरोपियों के पास से अभी कुछ और सामान की बरामदगी की जानी है। पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार ने पत्रकारों को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा व नगर पुलिस अधीक्षक एम.पी.प्रजापति के मार्गदर्शन में पूर्व कोतवाली प्रभारी शैलेष मिश्रा, कोतवाली प्रभारी विजय विश्वकर्मा, कुठला थाना प्रभारी विपिन सिंह, माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे, एनकेजे थाना प्रभारी अनिल काकड़े, खिरहनी फाटक पुलिस चौकी प्रभारी अंकित मिश्रा व उपनिरीक्षक बुंदेलधर द्विवेदी का वारदात से पर्दा उठाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा।

मिली जानकारी के मुताबिक माधवनगर थाना अंतर्गत झर्राटिकुरिया निवासी अरविंद व एनकेजे थाना अंतर्गत प्रेमनगर बस्ती निवासी लोटा नामक युवक हरतालिका तीज की रात शास्त्री कालोनी निवासी 68 वर्षीय सौभाग्य सिंह पिता गुलजार सिंह राजपूत के मकान में घुसे थे। बताया जाता है कि वारदात को अंजाम देते समय सौभाग्य सिंह की नींद खुल गई और उसने जैसे ही कौन-कौन है की आवाज लगाई वैसे ही अरविंद व लोटा ने चोरी के दौरान दरवाजों का कुंदा तोडऩे के उपयोग में लाए जाने वाले हथियार के वार से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मकान से जल्दबाजी में एलसीडी टीवी, नगदी व कुछ जेवर लेकर चंपत हो गए।

एलसीडी से पकड़ाए आरोपी
हरतालिका तीज की रात हुई इस वारदात की जानकारी लगते ही पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल पहुंच गए थे और सभी अधिकारियों को अलग-अलग बिंदुओं में जांच करते हुए वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। जांच करते हुए पुलिस शातिर चोर अरविंद व लोटा के पास तक पहुंच गई और संदेह के आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो दोनों ने जुर्म स्वीकार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से सौभाग्य सिंह के घर से चोरी की गई एलसीडी सहित कुछ सामान बरामद कर लिया गया है जबकि अभी कुछ अन्य सामान की बारामदगी शेष है। आरोपियो की गिरफ़्तारी में 10 हजार का ईनाम भी पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार ने घोषित किया था।

Exit mobile version