Site icon Yashbharat.com

गुजरात के बाद अब राजस्थान कांग्रेस में तोड़फोड़ की आशंका के चलते विधायकों को भेजा रिसोर्ट में

जयपुर। राजस्थान में भी राज्यसभा चुनाव में विधायकों की तोड़फोड़ की आशंका की वजह से कांग्रेस नेतृत्व सतर्क हो गया है । कांग्रेस के साथ ही पार्टी को समर्थन देने वाले निर्दलीय विधायकों को जयपुर के दिल्ली रोड स्थित शिव निवास रिसोर्ट में ठहराया गया है ।

आपको बता दें कि इससे पहले गुजरात मे कांग्रेस के 8 विधायक के इस्तीफे के बाद बाकी विधायकों को होटल भेज दिया गया है।

कांग्रेस के 107 और 13 निर्दलीय विधायकों को बुधवार शाम सात बजे मुख्यमंत्री निवास पर डिनर के लिए बुलाया गया ।

ये सभी विधायक मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचे तो अचानक उनको रिसोर्ट में जाने के लिए कह दिया गया । चार बसों और कारों में बैठाकर विधायकों को रिसोर्ट तक पहुंचाया गया ।

रिसोर्ट में विधायकों के लिए कुल 34 कमरे बुक कराए गए हैं । कांग्रेस की रणनीति के तहत निर्दलीय विधायकों के साथ ही पार्टी के कुछ विधायकों को रिसोर्ट में ठहराया जाएगा। गौरतलब है कि गुजरात में कुछ कांग्रेसी विधायकों ने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में वहां के कुछ कांग्रेसी विधायकों को राजस्थान में ठहराया गया है।

विधायकों के तोड़फोड़ की आंशका के चलते कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिह सुरजेवाला बुधवार को जयपुर पहुंचे ।

उन्होंने यहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात की । इसके बाद रिसोर्ट में सीएम गहलोत, वेणुगोपाल और सुरजेवाला ने विधायकों की बैठक को संबोधित किया ।

सुरजेवाला राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी आलाकमान की ओर से पर्यवेक्षक बनाए गए हैं। 19 जून को होने वाले चुनाव से कुछ दिन पहले विधायकों की घेराबंदी पर कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा का राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व विधायकों को प्रलोभन दे रहा है, जिसकी वजह से उनको यह कदम उठाना पड़ा।

मुख्यमंत्री गहलोत ने भाजपा पर हॉर्स ट्रेडिग की कोशिश करने का आरोप लगाया है । उन्होंने बताया कि विधायकों को 35 से 40 करोड़ रुपये का प्रलोभन दिया जा रहा है ।

इस समय कांग्रेस और भाजपा के बीच करीब 40 सीटों का अंतर है, लेकिन पैसों के बल पर एक-एक सीट खरीदने में भाजपा नेता जुटे हैं । सीबीआई को स्वयं आगे आकर इसकी जांच करनी चाहिए ।

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिह सुरजेवाला ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि भाजपा का चाल,चरित्र और चेहरा उजागर हो चुका है । लोकतंत्र में भाजपा को कतई विश्वास नहीं है । भाजपा विधायकों को प्रलोभन दे रही है। प्रजातंत्र का चीरहरण करने की कोशिश कर रही है । भाजपा का संविधान और लोकतंत्र पर विश्वास नहीं है ।

Exit mobile version