गडकरी कह रहे हाइवे पर वाहन न रुकें, RTO उडऩदस्ता लगवा रहा जांच के नाम पर कतार

- जबलपुर कटनी हाइवे पर आरटीओ उडऩदस्ता की जांच से वाहन चालक परेशान
- प्रतिदिन एक हजार से ज्यादा वाहनों से वसूली करने का आरोप
- प्रतिदिन एक हजार वाहनों से अतिरिक्त शुल्क वसूली
कटनी। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर छपरा व धनगवां के बीच एक हजार से अधिक वाहनों से रोज टैक्स के अलावा अतिरिक्त शुल्क की वसूली की जा रही है। ट्रक, बस सहित माल ढोने वाले छोटे वाहनों से कर्मचारी ओवरलोडिंग के नाम पर पांच सौ रुपए से लेकर पांच हजार तक ले रहे हैं। जबलपुर संभागीय मुख्यालय के संभागीय उडऩदस्ता द्धारा मार्च क्लोजिंग को लेकर टैक्स वसूली के नाम पर की जा रही वाहनों की जांच पर मनमानी वसूली की शिकायतें आने लगी हैं। सूत्रों के अनुसार एक दिन में छोटे-बड़े डेढ़ हजार से अधिक वाहन हाइवे से निकलते हैं। जिसमें गिट्टी का परिवहन करने वाले ट्रक भी शामिल हैं। इसके अलावा बस सहित दूसरे प्रदेशों से आने वाले भारी वाहनों की जांच संभागीय उडऩदस्ता द्धारा की जा रही है। वाहन चालकों ने बताया कि उडऩ दस्ता में शामिल अधिकारी व कर्मचारी वाहनों से निर्धारित फीस से अतिरिक्त वसूली कर रहे हैं।
केंद्रीय परिवहन मंत्री की मंशा को पलीता
उल्लेखनीय है कि हाइवे पर वाहनों की कतार को रोकने केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी नए-नए नियम लेकर आ रहे हैं तथा पहले कई मार्गों पर टोलनाका समाप्त करने के बाद हाइवे के टोल नाकों पर वाहनों में फास्टटैग सुविधा देकर कतार कम करने की कोशिश कर रहे हैं। ठीक इसके विपरीत संभागीय उडऩ दस्ता टैक्स वसूली के नाम पर हाइवे में वाहनों की कतार लगवा कर अतिरिक्त वसूली करने में लगा हुआ है।
चालक दे रहे एक हजार से पांच हजार रुपए
वाहन चालकों ने यह भी आरोप लगाया कि उडऩदस्ते में शामिल अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे हैं तथा वाहनों से एक हजार रूपए से लेकर पांच हजार रूपए तक की अतिरिक्त वसूली कर रहे हैं। वाहन चालकों ने अपनी परेशानी का ध्यान शासन व प्रशासन की ओर आकर्षित कराते हुए हाइवे पर आरटीओ की वाहन जांच में पारदर्शिता लाने की मांग की है।
नहीं उठा परिवहन अधिकारी का फोन
इस संबंध में विभागीय प्रक्रिया जानने कटनी के अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी महेश मिश्रा को भी उनके मोबाइल नंबर पर फोन लगाया गया लेकिन उन्होने फोन रिसीव नहीं किया। जिससे यह पता नहीं चल सका कि संभागीय उडऩ दस्ता आखिर किसके आदेश पर वाहनों की कतारें लगवा कर टैक्स के साथ अतिरिक्त वसूली कर रहा है।
Posted Yashbharat Team








