Site icon Yashbharat.com

कोलारस उपचुनाव-भाजपा से वीरेन्द्र और सुरेन्द्र में उम्मीदवारी की दौड़

surendra shivpuri
भोपाल। शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा सीट का उपचुनाव अब ​सीएम शिवराज सिंह चौहान के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। शुरूआत में सीएम ने इस चुनाव का सारा दारोमदार प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान पर छोड़ दिया था परंतु अब कमान अपने हाथ में ले ली है।
दनादन 3 दौरों के बाद अब प्रत्याशी की खोज भी तेज हो गई है। कांग्रेस की तरफ से यादव प्रत्याशी तय हो गया है अत: भाजपा को सारे समीकरण ध्यान में रखने होंगे। अब तक टिकट की रेस में पत्ता कारोबारी देवेन्द्र जैन और कांग्रेस मूल के भाजपा नेता वीरेन्द्र रघुवंशी के नाम सामने आ रहे थे परंतु गुरूवार को नए संकेत मिले हैं। कोलारस मूल के भाजपा नेता सुरेन्द्र शर्मा का नाम भी सुर्खियों में आ गया है।
कौन है सुरेन्द्र शर्मा
सुरेन्द्र शर्मा शिवपुरी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिलाध्यक्ष रहे। इसके बाद वो संगठन मंत्री बनकर निकल गए और एबीवीपी के प्रांतीय संगठन मंत्री बने। बाद में आरएसएस ने उन्हे भाजपा में भेज दिया। संघ से नजदीकी के चलते उनकी पकड़ हमेशा से मजबूत मानी जाती रही है। भाजपा में उन्हे प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया। कोलारस विधानसभा के गांव मढ़वासा के रहने वाले सुरेन्द्र शर्मा को भाजपा ने कोलारस विधानसभा की तैयारियों के लिए भेजा था। वो पिछले 3 माह से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं।
सीएम शिवराज सिंह चौहान गुरूवार को शिवपुरी जिले के रन्नौद गांव में थे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की। सहरिया समाज की चौपाल में भी गए। लौटते समय भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेन्द्र शर्मा को अपने साथ हैलीकॉप्टर में ले गए। सीएम का यह कदम क्षेत्र की राजनीति में नए समीकरण पैदा कर गया है। कहा जा रहा है कि सुरेन्द्र शर्मा भी एक दमदार दावेदार हो सकते हैं। शर्मा पिछले 3 माह से लगातार कोलारस विधानसभा में भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। वो कोलारस मूल के ही रहने वाले हैं।
Exit mobile version