नई दिल्ली: दिल्ली की एक अदालत ने कांग्रेसी नेता शशि थरूर को उनकी पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत के मामले में आरोपी के तौर पर समन किया है और 7 जुलाई को उसके समक्ष पेश होने के लिये कहा है। अदालत ने कहा कि मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई के लिये पर्याप्त आधार है। अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटिन मजिस्ट्रेट समर विशाल ने पुष्कर के प्रति थरूर द्वारा की गई कथित क्रूरता और खुदकुशी के लिये उकसाने के आरोपों को संज्ञान में लिया। न्यायाधीश ने कहा, ‘‘मैंने अभियोजन को सुना है। मैंने आरोप-पत्र देखा है और उसके साथ लगे दस्तावेजों का भी अध्ययन किया है।

दिल्ली पुलिस ने 14 मई को तिरूवनंतपुरम से लोकसभा सांसद शशि थरूर को सुनंदा को खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोपी बनाया था और शहर की एक अदालत से कहा था कि उन्हें आरोपी के तौर पर समन किया जाना चाहिए। पुलिस ने दावा किया था कि उनके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य हैं। दिल्ली पुलिस ने अपने करीब 3000 पन्नों के आरोप पत्र में थरूर को एकमात्र आरोपी के तौर पर पेश किया था और यह भी आरोप लगाया था कि वह अपनी पत्नी से क्रूरता भी करते थे। दंपति के घरेलू सहायक नारायण सिंह को मामले में अहम गवाह बताया गया है।

