नीमच। कोरोना वायरस का खौफ किस तरह फैला हुआ इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नीमच जिले की मनासा थाना पुलिस एक कोरोना संदिग्ध युवक को वाहन के पीछे लटकाकर 15 किमी दूर पहुंची। जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र लौट रहे एक युवक को पुलिस ने रास्ते में रोक लिया, पूछताछ करने पर उससे मिली जानकारी के बाद पुलिस को लगा कि इसे कोरोना वायरस हो सकता है, लेकिन इसे वाहन में बैठाकर साथ कैसे ले जाए। तब पुलिसकर्मियों ने युवक से कहा कि तुम पीछे लटक जाओ और फिर वे उसे 15 किमी दूर लेकर पहुंचे। इस दौरान कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया।
मनासा पुलिस के इस अति उत्साह पर सवाल खड़े होने लगे हैं। लोग कह रहे हैं कि पुलिस एंबुलेंस का अन्य कोई इंतजाम नहीं कर सकती थी। उधर नीमच एसपी ने इस मामले में इन पुलिसकर्मियों को विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही हैं जो युवक को ऐसे लटकाकर ले आए। गौरतलब है कि लॉकडाउन के दौरान अलग-अलग शहरों में फंसे लोग अपने घर पहुंचने की कोशिश में पैदल ही निकल पड़े हैं।

