Site icon Yashbharat.com

कैमोर पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी

IMG 20210703 WA0004

कटनी(विवेक शुक्ला)। कैमोर थाना अंतर्गत ग्राम चरी स्थित खेत में एक 25 वर्षीय ठेका श्रमिक का रक्तरंजित शव मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

ग्राम चरी में ठेकाश्रमिक का रक्तरंजित शव मिलने का मामला
हत्या के आरोप में सह ठेकाकर्मी गिरफ्तार

आरोपी ठेका श्रमिक के साथ ही काम करता था तथा मां-बहन को गंदी-गंदी गालियां देने के कारण आक्रोश में आकर सिर में पत्थर पटक कर हत्या कर दी थी।

गौरतलब है कि ग्राम चरी में सतना जिले की सीमा से लगे हुए गोकुल चौधरी के खेत में मंगलवार को एक अज्ञात युवक का रक्तरंजित शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने अधिकार में लेकर उसकी शिनाख्तगी के प्रयास शुरू किए।

जिसमें पुलिस को सफलता मिल गई। शव की पहचान बड़वारा थाना अंतर्गत ग्राम मझगवां निवासी 25 वर्षीय दादू उर्फ मानसिंह पिता अच्छेलाल गौड़ के रूप से की गई। यह भी पता चला कि दादू दो-तीन माह से सतना जिले की भटूरा से भदनपुर तक बन रही 19 किलोमीटर की सड़क में पडरेही मोड़ के पास पुलिया निर्माण के कार्य में मिस्त्री का काम करता था।
सड़क निर्माण का ठेका स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत ग्राम सैलारपुर निवासी दिलीप सिंह ठाकुर के द्धारा लिया गया है। बताया जाता है कि दादू के सिर के पिछले हिस्से में चोट लगने से रक्तस्राव हुआ है। मृतक दादू निर्माणाधीन पुलिया के पास बनी हुई टपरिया में ही रहता था और मिस्त्री का काम करता था। परिजनों ने उसकी हत्या किए जाने का संदेह भी व्यक्त किया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया और पीएम रिपोर्ट आने के बाद अज्ञात आरोपी के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई। जिसमें पुलिस को सफलता मिल गई और पुलिस ने हत्या के आरोप में दादू के साथ काम करने वाले युवक 20 वर्षीय छोटू उर्फ कन्हैया कुमार पिता कमलेश कुमार दहायत को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस टीम को 10 हजार का नगद ईनाम
पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के दिशा निर्देश व विजयराघवगढ़ के प्रभारी एसडीओपी शशिकांत शुक्ला के मार्गदर्शन में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में कैमोर थाना प्रभारी अरविंद जैन, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश पांडे, प्रधान आरक्षक प्रेमशंकर पटेल, आरक्षक शिव, अचल व महिला आरक्षक भावना की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस को टीम को 10 हजार रूपए के नगद ईनाम की घोषणा की है।

Exit mobile version