कन्नूर (केरल)। कन्नूर जिले में तीन सदस्यीय एक गिरोह ने संघ के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के एक छात्र की दराती से रेतकर हत्या कर दी। एबीवीपी का आरोप है कि छात्र की हत्या के पीछे पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) का हाथ है। वहीं खबर है कि पुलिस ने सोशल डेमक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया(एसडीपीआई) के सदस्यों को गिरफ्तार किया है।<
पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम आइटीआई का छात्र श्याम प्रसाद कूथुपरंबा में अपनी मोटरसाइकिल से घर जा रहा था। तभी शाम 5.30 बजे कुमेरी में कार सवार एक तीन सदस्यीय अज्ञात गिरोह ने उस पर हमला कर दिया। छात्र श्याम किसी तरह से अपनी जान बचाकर भागा लेकिन गिरोह ने उसका पीछा किया दराती से उस पर कई वार करके उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया।
जानलेवा हमले के बाद स्थानीय लोग विद्यार्थी परिषद से जुड़े इस छात्र को कूथुपरंबा स्थित अस्पताल में भर्ती कराने ले गए लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस हत्या के सिलसिले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस बीच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राज्य सचिव श्याम राज ने कहा कि छात्र की हत्या पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) ने कराई है। साथ ही इस संगठन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। श्याम राज ने कहा कि आतंक का चेहरा बना पीएफआई श्याम प्रसाद की हत्या के साथ फिर खुलकर सामने आ गया है।
एबीवीपी ने एक बयान जारी कर कहा है कि वह केंद्र सरकार से पीएफआई पर प्रतिबंध लगाने की मांग करेगी। बताया जाता है कि पीएफआई आतंकी संगठन आईएस के लिए भर्तियां करने जैसी गतिविधियों में भी लिप्त है। भाजपा ने श्याम प्रसाद की हत्या के विरोध में शनिवार को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक बंद का आह्वान किया है।

