जबलपुर, विशेष प्रतिनिधि। केन्द्र सरकार 7वें वेतन आयोग ने जहां वर्षों से चले आ रहे अनेक भत्तों को खत्म कर दिया है। लेकिन कर्मचारियों को एक नया भत्ता देने की सिफारिश की है जिसे ब्रीफकेश भत्ता नाम दिया है। इसे सरकार ने मंजूरी देते हुए 3 जनवरी 2018 को आदेश भी जारी कर दिया है। यह भत्ता सरकार प्रति 3 वर्ष में कर्मचारियों को प्रदान करेगी। हालांकि इसमें सभी कर्मचारी लाभान्वित नहीं होंगे। लेकिन छठवे वेतन आयोग के आधार पर जिन कर्मचारियों का 42 सौ ग्रेड पे होगा वे कर्मचारी इस भत्ते को प्राप्त करने के अधिकारी होंगे। जिसमें लिपकीय और कामगार वर्ग समेत 70 फीसदी कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा।
जानकारी के अनुसार रक्षा मंत्रालय के निर्देश पर गत 3 जनवरी को आयुध निर्माणी बोर्ड ने आदेश जारी कर दिया है। जिसमें श्रेणी 18 के तहत उच्च वर्ग के अधिकारियों को 10 हजार उसके बाद 8 हजार रुपए के साथ जिनका ग्रेड पे 10 हजार उनको 8 हजार रुपए 87 सौ ग्रेड पे वालों को साढ़े 6 हजार 66 सौ ग्रेड पे वालों को 4 हजार, 46 सौ ग्रेड के लिए एवं 42 सौ ग्रेड पे वालों के लिए साढ़े 3 हजार रुपए प्रति 3 वर्ष में ब्रीफकेश भत्ता देने के लिए आदेश किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि पात्र अधिकारी/महिला अधिकारी अपने लिए ब्रीफकेश, हैण्डबैग और महिलाएं अपने लिए लेडीज पर्स ले सकती है।
ये सभी कर्मचारी किसी भी सरकारी और निजी संस्थान से ब्रीफकेश, हेण्ड बैग ले सकते हैं और इसकी रसीद प्रस्तुत करने पर उक्त राशि प्रतिपूर्ति की जाएगी। आदेश में कहा गया है कि ग्रेड पे के अनुसार तय की गई सीमा में ही राशि प्रतिपूर्ति की जाएगी। भले ही उन्होंने इसके लिए ज्यादा राशि दी हो। यूं तो उक्त आदेश 46 सौ ग्रेड पे तक के लिए था लेकिनअनेक संगठनों की मांग के कारण इसे 42 सौ ग्रेड पे वालों के लिए देने के लिए विशेष आदेश जारी किये गये हैं।
ज्ञात हो कि न्यूनतम ग्रेड पे 18सौ रुपए है इसके बाद 19सौ, 2 हजार 24 सौ और 28 सौ ग्रेड पे होते हैं। ऐसे 5 स्तर के कर्मचारियों को ब्रीफकेश भत्ता नहीं मिलेगा। कुल मिलाकर 19 स्तर के ग्रेड पे में से 15 स्तर के ग्रेड पे वाले कर्मचारियों को उनके ग्रेड पे के अनुसार 10 हजार से लेकर साढ़े तीन हजार रुपए तक ब्रीफकेश एलाउन्स प्रति तीन साल में मिलेगा। जिसका भुगतान बिल प्रस्तुत करने पर होगा।

