Site icon Yashbharat.com

केंद्रीय कैबिनेट की बैठक-रेलकर्मियों को 78 दिन के बोनस में मिलेंगे18000

railway bonus

नई दिल्ली। त्योहारी सीजन से पहले रेल कर्मियों को बड़ा तोहफा मिला है। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में नॉन गेजटेड रेल कर्मचारियों को 78 दिनों का वेतन बोनस के रूप में देने पर फैसला हो गया है। पिछले वर्ष भी कर्मचारियों को इतना ही बोनस दिया गया था।

रेल कर्मचारियों के संगठनों से बातचीत के बाद रेलवे बोर्ड ने 2017-18 के लिए अपने कर्मचारियों को उत्पादकता-लिंक बोनस के रूप में 78 दिनों के बोनस का प्रस्ताव किया था।

पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को देखते हुए रेल कर्मियों को बोनस महत्व रखता है। अगले वर्ष आम चुनाव को देखते हुए भी इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हर साल दशहरा से पहले 12.26 लाख रेल कर्मचारियों को बोनस का भुगतान किया जाता है। इन कर्मचारियों में रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे सुरक्षा विशेष बल के कर्मचारी शामिल नहीं होते हैं।

नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमैन के महासचिव एम. राघवन ने कहा, “चूंकि रेलवे ने पिछले वर्ष की आय से 16000 करोड़ रुपये ज्यादा की कमाई की है। इसके साथ ही इस वर्ष एक अरब 16 करोड़ 10 लाख टन की रिकार्ड ढुलाई की है। इसीलिए हमने 80 दिनों के बोनस की मांग की थी। लेकिन अंत में हम 78 दिनों पर राजी हो गए।” हर कर्मचारी को 18,000 रुपये के आसपास बोनस के रूप में मिलेंगे। यह लगातार सातवां साल होगा जब कर्मचारियों को 78 दिनों का बोनस मिलेगा।

Exit mobile version