कृषि उपज मंडी से 8 बोरी लहसुन सहि‍त दस हजार नगद चोरी कर ले गए चोर

देवरीकलां। कृषि उपज मंडी से 8 बोरी लहसुन सहि‍त दस हजार नगद चोरी कर ले गए चोर । देवरीकलां कृषि उपज मंडी में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 12 और 1 बजे के बीच नकाबपोश चोरों ने एक व्यापारी की दुकान से आठ बोरी लहसुन चोरी कर लिया। चोरी की इस घटना को पास में ही रखवाली कर रहे एक लड़के ने देख लिया तो लाठी से उसके सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया। बदमाश लड़के के पास से मोबाइल और नगदी भी छीनकर ले गए।

कृषि उपज मंडी में व्यापारी श्रीराम पटेल की दुकान के जालीनुमा केबिन में लहसुन की 25 बोरियों रखी थीं। जिसमें से 8 बोरियां अज्ञात चोर रात्रि में चुरा ले गए। यही नहीं पास में व्यापारी की आलू की बोरियों की रखवाली कर रहे राम सकवार नामक लड़के ने जब चोरी की घटना को अंजाम देते हुए देख लिया तो चारों बदमाशों ने लड़के पर लाठियों से प्राणघातक हमला कर दिया। लड़के को घायलावस्था में रात्रि में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उसके सिर में गंभीर चोटें पहुंची है।

लाठियों से किया था हमला

घायल राम सकवार ने बताया कि रात्रि में वह मंडी में गायों को भगाने के लिए निकला तो चार नकाबपोश नजर आए। उन्होंने व्यापारी श्रीराम पटेल के दुकान की जाली तोड़कर 8 वोरी लहसुन निकाली और ले जाने लगे। राम सकवार को वहां देखा तो चारों ने मिलकर लाठी से उस हमला कर दिया। किसी तरह उसने भागने की कोशिश की। इस बीच चोर उसके पास रखे 10,000 नगदी और मोबाइल भी लूट कर ले गए।

64000 रुपये का माल चोरी

व्यापारी श्री राम पटेल ने बताया कि दुकान में 25 लहसुन की बोरी रखी हुई थी। जिसमें आठ बोरियां जाली तोड़ कर ले गए हैं। एक बोरी लहसुन की कीमत लगभग 8000 रुपये थी। इस तरह करीब 64000 कीमत का लहसुन चोर ले गए हैं। मंडी निरीक्षक दिनेश गुरु का कहना है कि गार्ड का अनुबंध खत्म हो गया है एवं तीन चौकीदार हैं जिनकी ड्यूटी निर्वाचन कंट्रोल रूम में लगा दी गई है। जिससे अब मंडी की चौकीदारी नहीं हो पा रही है।

Exit mobile version