किसान आंदोलन: भारी सुरक्षा के बीच शहरों में हो रही है दूध की सप्लाई

भोपाल। पुलिस की सुरक्षा के बीच दूध की सप्लाई शहर में की जा रही है. प्लांट से निकलने वाले सभी वाहनों को पुलिस वाहनों के साथ ही शहर में भेजा जा रहा है

मध्य प्रदेश में किसान आंदोलन के पहले दिन फलों, सब्जियों और दूध की सप्लाई बंद करने की ख़बरों के बीच चहल-पहल शुरू हो गई है. इंदौर में पुलिस की सुरक्षा के बीच दूध की सप्लाई शहर में की जा रही है. प्लांट से निकलने वाले सभी वाहनों को पुलिस वाहनों के साथ ही शहर में भेजा जा रहा है.

इंदौर में इसके अलावा कई दूध प्लांट के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस सुरक्षा में भेजे जा रहे दूध के टैंकर जो गांव से आ रहे हैं, उन रास्तों पर भी पुलिस का पहरा है. शहर में सभी चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. वाहनों की चैकिंग करने के बाद ही शहर में प्रवेश दिया जा रहा है.

वहीं नीमच जिले में किसान आंदोलन का आंशिक असर दिख रहा है. चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है. दूध,सब्जी और फल की सप्लाई पर भी मामूली असर दिख रहा है. शहर के हाइवे पर भी पुलिस की पेट्रोलिंग जारी है.

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में किसान बंद आंदोलन आज से शुरू हो गया है. मध्य प्रदेश के मंदसौर गोलीकांड के एक साल पूरे होने पर किसान संगठनों द्वारा गांव बंद के ऐलान के मद्देनजर सरकार और किसान आमने-सामने आ गए हैं.

Exit mobile version