Madhya Pradesh News : भोपाल। प्रदेश के किसानों को उपज की अच्छी कीमत दिलाने के लिए सरकार व्यापार को सरल बनाएगी।
इसके तहत मंडियों के नाके बंद किए जाएंगे। इससे दूसरे राज्य उपज ले जाकर बेचना आसान हो जाएगा।
सीमा पर इसको लेकर कोई रोक-टोक नहीं होगी। केंद्र सरकार ने अध्यादेश के माध्यम से कृषि व्यापार को काफी सरल बना दिया है।
इसके मुताबिक प्रदेश के मंडी अधिनियम में भी बदलाव किए जाएंगे। इसमें मंडी के बाहर होने वाली खरीद को बढ़ावा दिया जाएगा।
कृषि मंत्री कमल पटेल ने सोमवार को मंत्रालय में कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों के नाके बंद किए जाएं।
प्रदेश में 54 जगह सीमाओं पर मंडियों के नाके हैं। यहां से दूसरे राज्य अनाज ले जाने पर मंडी शुल्क की जांच की जाती है।
इसमें व्यापारियों को अनावश्यक परेशान करने की शिकायतें भी सामने आती हैं। केंद्र सरकार ने कृषि व्यापार को सरल बनाने और किसानों को उपज का वाजिब मूल्य दिलाने के लिए नियमों को सरल बनाने अध्यादेश लागू किया है।
इसके तहत अंतर्राज्यीय व्यापार पर कोई रोक नहीं है। अब किसान को यदि दूसरे राज्य की मंडी में व्यापारी अच्छी कीमत देता है तो वह उसे ऑनलाइन भी बेच सकता है। इसमें व्यापारी जो अनाज यहां से ले जाएगा, उसके साथ कोई रोक-टोक नहीं होगी।

