Site icon Yashbharat.com

कार और ऑटो की टक्कर, घायल बच्चे ने फोन कर बुलाई एंबुलेंस

18 10 2020 car and auto collision narsinghpur 20201018 103958

नरसिंहपुर, Narsinghpur Accident। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 पर रविवार तड़के लखनादौन सिवनी से बरमान जा रहे एक लोडिंग ऑटो को गलत दिशा से आ रही स्कार्पियो कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। घायलों में से 9 ही हालात गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल से जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के शिकार 8 वर्षीय बालक आकाश यादव ने फोन कर एंबुलेंस को सूचित किया। इसके बाद उसने लखनादौन में स्वजन को सूचना देकर बुलवाया। बालक को कमर और मुंह में चोट लगी है।

जानकारी के अनुसार लखनादौन और निवारी टोला गांव से रात करीब 1 बजे यादव, पटेल और सेन परिवार के 14 लोग बरमान के नर्मदा के सूरजकुंड नहाने के लिए तिपहिया लोडिंग ऑटो से निकले थे। तड़के 4-5 बजे करेली के आगे मामा ढाबे के पास गलत दिशा से आ रही स्कार्पियो कार ने ऑटो को सीधी टक्कर मार दी। इस वक्त ऑटो में चालक को छोड़ शेष सभी सो रहे थे। हादसे में लखनादौन के वार्ड नम्बर 9 की निवासी कलिया बाई पति शिवम यादव 60 वर्ष की मौत हो गई।

वहीं घायलों में रामकुमारी 45, खुब्बी लाल, रीना पटेल 65, रमेश सेन 60, शीला पटेल 40, पुष्पाबाई 18, डिम्मा बाई 62, गीताबाई 50, चम्पाबाई 45, सविता यादव 45, विमल यादव 52, बुधउ पटेल 55, आशीष यादव 22 वर्ष की हालत नाजुक होने के कारण इन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। शेष 3 घायलों को मामूली चोट होने के कारण घर वापस भेजा गया। हादसे के बाद जिला अस्पताल से घटनास्थल तक एसडीएम और करेली, नरसिंहपुर पुलिस आरोपित वाहन की तलाशी में जुटी रही।

Exit mobile version