कटनी। कलेक्टर विशेष गढ़पाले ने बुधवार को रीठी जनपद क्षेत्र के कैमोरी, खमरिया-2, नया गांव टोला, मुरावल, घुघरा, बांधा, और बसुधा गांव में प्रधानमंत्री आवास, सीसी रोड, मनरेगा के कार्य, स्कूल, छात्रावास, आंगनबाड़ी और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण किया।
रीठी जनपद के आधा दर्जन से अधिक गांवों का किया दौरा
जहां व्यवस्थायें दुरुस्त मिलीं, वहां के मैदानी अमले की सराहना कलेक्टर ने की। वहीं टालम टोली और कर्तव्य के प्रति उदासीनता बरतने वालों पर वे सख्त नजर आये। कलेक्टर सबसे पहले शासकीय प्राथमिक शाला कैमोरी पहुंचे, जहां बिना अनुमति सुबह 11 बजे तक अनुपस्थित रहने पर शिक्षक शीतल प्रसाद चौधरी को श्री गढ़पाले ने अवैतनिक किया। वहीं शिक्षकों की अटेन्डेन्स लोकसेवक एप की रिपोर्ट से क्रॉसचैक कराने के निर्देश दिये।
इसके बाद वे आंगनबाड़ी पहुंचे, जहां उन्होंने छोटे-छोटे बच्चों से नश्ता और मिलने वाले खाने के बारे में जाना। जिसमें यह बात सामने आई कि आज नाश्ता आने में देर हुई है। इस पर सेक्टर सुपरवाईजर को इसकी जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश उन्होने दिये। मनरेगा के कार्य प्रारंभ न होने पर पंचायत सचिव और जीआरएस पर कलेक्टर जमकर बिफरे।
उन्होंने कहा कि कटाई का बहाना न बनाएं। काम नहीं करना चाहते, तो नौकरी क्यों कर रहे हो। दो दिनों में मनरेगा के तहत बड़ा काम प्रारंभ करें। जिसमें अधिक से अधिक लेबर इन्गेज हो। इस अवसर पर शंकर लाल का प्रधानमंत्री आवास भी उन्होंने देखा।
किचन शेड में की मध्यान्ह भोजन की जांच
खमरिया-2 में कलेक्टर ने माध्यमिक शाला में विद्यार्थियों के लिये बन रहे मध्यान्ह भोजन की जांच की। विद्यार्थियों के अनुपात में भोजन कम देख क्वान्टिटी बढ़ाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि बच्चों को भोजन देकर स्व सहायता समूह कोई एहसान नहीं कर रहा है। माध्यमिक शाला के हेडमास्टर इसे क्रॉसचैक करते रहें। यदि स्वसहायता समूह कम भोजन बना रहा है, तो उसकी रिपोर्ट भेजें। सीईओ जनपद ऐसे समूहों को तत्काल प्रभाव से हटायें। उन्होने सीईओ जनपद को बुधवार के दिन समूह की राशि काटने के भी आदेश दिये। नया टोला में सीसी रोड निर्माण की गुणवत्ता भी उन्होने जांची।
छात्रों से किया संवाद
घुघरा में हायर सेकेंडरी स्कूल में पहुंचकर विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों से संवाद भी कलेक्टर ने किया। उन्होंने ज्ञानसेतु वीडियो लैक्चर और प्रयोगशाला की भी व्यवस्थायें देखीं। जिस पर विद्यार्थियों ने प्रेक्टिकल होने और ज्ञानसेतु वीडियो लैक्चर से पढ़ाई होने की बात कही। स्कूल के प्राचार्य और एक व्याख्याता विद्यालय में नहीं थे। शासकीय कार्य से ब्लॉक मुख्यालय जाने की बात अकाउंटेन्ट द्वारा बताई गई। जिस पर लोकसेवक एप की रिपोर्ट से अटेन्डेन्स चैक कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश उन्होने दिये। इस दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र बच्चन नगर घुघरा का निरीक्षण भी उन्होने किया। सीईओ जनपद को भवन दुरुस्त कराने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिये।

