कांग्रेस ने उठाई महू की विधायक उषा ठाकुर के चुनाव खर्च की जांच की मांग
भोपाल । प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीरा राणा से डॉ. आंबेडकर नगर (महू) विधानसभा सीट से भाजपा विधायक उषा ठाकुर के चुनाव खर्च की जांच कराने की मांग की है।
पार्टी ने इसके लिए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के सोशल मीडिया में वायरल उस बयान का आधार बनाया है, जिसमें उन्होंने अच्छा पैसा खर्च करने की बात कही है।
वहीं, 24 विधानसभा सीटों के प्रस्तावित उपचुनाव के मद्देनजर हो रहे उच्च अधिकारियों के तबादलों पर भी आपत्ति उठाते हुए रोक लगाने की मांग की है।
प्रदेश कांग्रेस के चुनाव आयोग से संबंधित कामों के प्रभारी जेपी धनोपिया ने बताया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीरा राणा को पार्टी की ओर से दो ज्ञापन दिए हैं।
इनमें कहा गया है कि महू विधानसभा के चुनाव में भाजपा ने जिस तरह से अच्छा पैसा खर्च करने की बात कही है, उससे यह साफ हो गया है कि मतदाताओं को प्रलोभन दिया गया है। इस राशि को भाजपा प्रत्याशी उषा ठाकुर ने अपने चुनाव खर्च में नहीं बताया है, जो नियमों का उल्लंघन हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने जो अच्छी राशि खर्च की है, उनसे इसका ब्योरा लेकर भाजपा प्रत्याशी के व्यय में शामिल किया जाए।
यदि खर्च की राशि चुनाव के लिए तय सीमा से अधिक होती है तो भाजपा विधायक की सदस्यता समाप्त कर उन्हें छह साल चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित किया जाए।
वहीं, एक अन्य ज्ञापन में उपचुनाव को प्रभावित करने के लिए सरकार द्वारा उच्च अधिकारियों के लगातार किए जा रहे तबादलों पर रोक लगाने की मांग की है।
जेपी धनोपिया ने बताया कि नौ जून को भी हमने तबादलों को लेकर ज्ञापन दिया था। भले ही आज चुनाव की आदर्श आचार संहिता प्रभावी न हो पर दो-तीन माह में चुनाव होंगे और स्थानांतरण पर भेजे गए अधिकारी निर्वाचन को प्रभावित भी करेंगे। इसके मद्देनजर तबादलों पर रोक लगाई जाए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कांग्रेस पदाधिकारियों को भरोसा दिलाया है कि ज्ञापन संबंधित जगह भिजवाए जाएंगे।
एक विषय की दो शिकायत
वर्ष 2018 में महू विधानसभा क्षेत्र के चुनाव में अच्छा खासा पैस खर्च किए जाने के भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बयान को लेकर प्रदेश कांग्रेस की ओर से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को दो शिकायतें की गईं। एक शिकायत प्रदेश कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग से संबंधित कार्यों के प्रभारी जेपी धनोपिया ने की तो दूसरी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा और मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने की है।