Site icon Yashbharat.com

कश्मीर यूनिवर्सिटी के बाहर ग्रेनेड हमला, चार घायल

kashmir

श्रीनगर। कश्मीर यूनवर्सिटी में कुछ अज्ञात लोगों ने मुख्य गेट पर ग्रेनेड हमला किया जिसमें चार लोगों के घायल होने की सूचना है। हमले के तुरंत बाद सुरक्षाबल वहां पहुंच गए और उन्होंने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है। पुलिस व लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान भी चलाया हुआ है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह ग्रेनेड विस्फोट यूनविर्सटी गेट के बाहर पार्किंग में खड़ी कार के पास हुआ है। श्रीनगर के हजरतबल इलाके में स्थित कश्मीर यूनिवर्सिटी के पास हमलावरों ने दोपहर बाद यह ग्रेनेड फेंका और वहां से चंपत हो गए। यूनिवर्सिटी के सर सैयद गेट के पास ग्रेनेड फटते ही वहां अफरातफरी का माहौल व्याप्त हो गया। लोग चीखते-चिल्लाते हुए अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ गए। पुलिस व सुरक्षाबल के जवान कुछ ही समय में वहां पहुंच गए। उन्होंने घटना स्थल पर चार लोगों को गंभीर अवस्था में पाया। उन्हें तुरंत नजदीक अस्पताल पहुंचाया गया। दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घायलों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को गिराया था। आतंकवादी को मार गिराने के अगले ही दिन यह ग्रेनेड हमला हुआ। वहीं पुलिस प्रवक्ता ने इन सभी हालात को देखते हुए लोगों से अनुरोध किया है कि वे एनकाउंटर जोन के अंदर न जाएं, इससे उनकी सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने कहा कि जब तक सुरक्षाकर्मी पूरे क्षेत्र को क्लीयर घोषित न करें तब तक वे पुलिस के साथ सहयोग करें। और मुठभेड़ स्थल पर न जाएं।

Exit mobile version