कलेक्टर ने दिये डिजिटल सर्वे के निर्देश

जबलपुर। कलेक्टर महेश चन्द्र चौधरी ने बेमौसम बारिश से फसलों पर पड़े प्रभाव का आंकलन करने 16 फरवरी से डिटेल सर्वे करने के निर्देश राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारियों को दिये हैं । श्री चौधरी ने बताया कि बारिश तथा शहपुरा एवं पाटन तहसील के कुछ गाँवों में गिरे ओलों से फसलों पर पड़े प्रभाव का प्रारंभिक आंकलन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है ।
उन्होंने बताया कि फसलों का डिटेल सर्वे का कार्य डिजिटल और मोबाइल गिरदावरी के माध्यम से होगा । सर्वे का यह कार्य राजस्व और कृषि विभाग के मैदानी अमले द्वारा संयुक्त रूप से किया जायेगा । कलेक्टर ने राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारियों को फसलों के डिटेल सर्वे करने के निर्देश देने के साथ-साथ जिले के सभी किसानों से भी अपील की है कि बेमौसम बारिश से यदि उनकी फसल को नुकसान हुआ है तो इसकी सूचना संबंधित तहसील कार्यालय को तत्काल दें ।
उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा तहसील कार्यालयों को दी गई सूचना पर राजस्व एवं कृषि विभाग के अमले से पुनरू फसल का सर्वे कराया जायेगा । श्री चौधरी ने कहा कि बेमौसम बारिश से फसलों को क्षति पहुंचने की स्थिति में शासन के निर्देशानुसार प्रभावित किसान के नुकसान की भरपाई के तौर पर राहत के प्रकरण तैयार किये जायेंगे और फसल बीमा योजना का भी लाभ दिलाया जायेगा ।








