Site icon Yashbharat.com

कर्नाटकः बहुमत परीक्षण से पहले जी परमेश्वरा के बयान से गरमाई राजनीति

g parmeshwara 25 05 2018

बेंगलुरु। कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके कुमारस्वामी आज विधानसभा में अपना बहुमत साबित करने वाले हैं। लेकिन इससे पहले उपमुख्यमंत्री बनाए गए जी परमेश्वर के बयान से राजनीतिक माहौल गया है।

उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वरा ने गुरुवार को दिए एक बयान में कहा कि जेडीएस के नेतृत्व में पांच साल तक सरकार चलाने पर फैसला नहीं हुआ है। कांग्रेस कोटे से उप-मुख्यमंत्री बने जी परमेश्वरा ने कहा, पांच साल तक किन शर्तों के साथ कर्नाटक में गठबंधन की सरकार चलेगी, यह अभी तय नहीं हुआ है। साथ ही किस पार्टी को किन विभागों की जिम्मेदारी मिलेगी, यह भी अभी तय नहीं हुआ है। परमेश्वरा कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी हैं।

आज स्पीकर का चुनाव, भाजपा ने उतारा उम्मीदवार

राज्य विधानसभा के लिए आज स्पीकर का चुनाव भी होना है। सरकार बचा पाने में नाकाम रहने के बावजूद भाजपा पीछे हटने को तैयार नहीं है। अब उसने स्पीकर के लिए अपना प्रत्याशी उतार कर कांग्रेस-जेडीएस सरकार के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। आज दोपहर 12.15 बजे नए स्पीकर का चुनाव होगा। भाजपा ने अपने वरिष्ठ नेता एस. सुरेश कुमार को प्रत्याशी बनाया है। अब मुख्यमंत्री कुमारस्वामी को विश्वास मत जीतने से पहले इस शक्ति परीक्षण में खरा उतरना होगा।

दूसरी तरफ कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक रमेश कुमार को अपना प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने भी गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। वह पहले भी 1994-99 तक विधानसभा अध्यक्ष रह चुके हैं। कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन का दावा है कि उसके पास 117 विधायकों का समर्थन है।

येदियुरप्पा के निर्देश पर भरा पर्चा

सुरेश कुमार ने कहा-“मैंने कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा और अन्य नेताओं के निर्देश पर पर्चा भरा है। विधायकों की ताकत और कई अन्य कारणों से हमारे पार्टी नेताओं को विश्वास है कि मैं चुनाव जीत जाऊंगा।” यह पूछने पर कि कैसे जीतेंगे, जबकि भाजपा के 104 ही विधायक हैं? तो कुमार ने कहा कि शुक्रवार दोपहर के बाद सब साफ हो जाएगा।

विधायकों को फिर होटल भेजा

-विश्वास मत पर मतदान से पहले कांग्रेस और जेडीएस ने अपने विधायकों को फिर से होटल भेज दिया है।

-कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि हमारे विधायक विस अध्यक्ष चुनाव तक ऐसे ही रहेंगे। विश्वास प्रस्ताव पर मतदान के बाद ही उन्हें घर जाने दिया जाएगा।

Exit mobile version