स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट के ‘मिस्टर 360 डिग्री’ कहे जाने वाले सूर्यकुमार यादव के लिए पिछले कुछ दिन किसी रोलर-कोस्टर राइड से कम नहीं रहे हैं। एक तरफ जहां बीसीसीआई ने उन्हें टीम इंडिया की टी20 कप्तानी से हटाने के साथ-साथ टीम से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया है, वहीं दूसरी तरफ सूर्या ने मैदान पर बल्ले से इसका करारा जवाब दिया है।
इस वक्त खेली जा रही टी20 मुंबई लीग में सोमवार (8 जून) को सूर्यकुमार यादव के बल्ले से एक ऐसी ही तूफानी पारी देखने को मिली, जिसके लिए वे दुनिया भर में जाने जाते हैं।
200 के स्ट्राइक रेट से बरसे सूर्या, टीम को दिलाई आसान जीत
लीग में एमएससी मराठा रॉयल्स और ट्रायम्फ नाइट्स MNE के बीच मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मराठा रॉयल्स की टीम 19.5 ओवर में महज 152 रनों पर ढेर हो गई।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रायम्फ नाइट्स के लिए नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने आए सूर्यकुमार यादव ने विपक्षी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। सूर्या ने महज 36 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 72 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। 200 के तूफानी स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए उन्होंने अपनी इस पारी में 13 चौके और 1 गगनचुंबी छक्का जड़ा। सूर्या मैच जिताकर नाबाद पवेलियन लौटे। उनके अलावा नंबर 3 पर आए नूतन कुमार गोयल ने भी 56 रनों का योगदान दिया, जिसकी बदौलत टीम ने 16 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
विश्व कप और IPL में खराब फॉर्म की गाज, श्रेयस अय्यर बने नए कप्तान
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में ही टीम इंडिया ने इसी साल मार्च में आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया था। हालांकि, पूरे विश्व कप के दौरान सूर्या का बल्ला पूरी तरह खामोश रहा और वे एक-एक रन के लिए संघर्ष करते दिखे। इसके बाद आईपीएल 2026 में भी उनका खराब फॉर्म जारी रहा।
कप्तानी छिनने और टीम से ड्रॉप होने के बाद सूर्या का तूफान, टी20 मुंबई लीग में 36 गेंदों पर कूट डाले 72 रन
खराब फॉर्म का नतीजा यह हुआ कि बीसीसीआई ने आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित टी20 टीम से सूर्या को ड्रॉप कर दिया। बोर्ड ने कप्तानी में बड़ा बदलाव करते हुए श्रेयस अय्यर को टीम इंडिया का नया टी20 कप्तान नियुक्त किया है।
वापसी की राह तलाश रहे हैं ‘SKY’
टीम इंडिया से बाहर होने के बाद अब सूर्यकुमार यादव के पास घरेलू क्रिकेट और स्थानीय टी20 लीग ही एकमात्र जरिया बचे हैं, जहां वे रन बनाकर सिलेक्टर्स का ध्यान दोबारा अपनी ओर खींच सकें। मुंबई लीग में खेली गई यह 72 रनों की पारी इस बात का सबूत है कि भले ही सूर्या का वक्त खराब चल रहा हो, लेकिन उनका क्लास आज भी बरकरार है।








