Site icon Yashbharat.com

कटनी हादसे में घायल तीसरे युवक ने भी दम तोड़ा

katninews 1

कटनी। एनकेजे थाना अंतर्गत कटनी-शहडोल मार्ग पर ग्राम जुहला-जुहली में आज सुबह बल्कर वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों युवक ग्राम जुहला-जुहली के ही रहने वाले थे तथा आज सुबह एक मोटर सायकल में सवार होकर जब तीनों कहीं जा रहे थे। उसी दौरान कटनी से शहडोल की ओर जा रहे बल्कर वाहन ने बाइक समेत उसमें सवार तीनों युवकों को अपनी चपेट में लेकर बुरी तरह कुचल दिया। जिसके कारण दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरे ने अस्पताल में उपचार दौरान दम तोड़ दिया।
दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चकाजाम कर दिया। जिसके बाद पुलिस के आला अधिकारी व थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए और समझा बुझाकर ग्रामीणों का आक्रोश शांत कराया। जिसके बाद चकाजाम समाप्त हुआ। पुलिस ने तीनों युवकों का शवपरीक्षण कराते हुए आरोपी बल्कर चालक के विरूद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
दुर्घटना के संबंध में एनकेजे थाना प्रभारी अंकित मिश्रा ने बताया कि ग्राम जुहला-जुहली निवासी 19 वर्षीय कृष्ण कुमार पिता रोहणी पटेल, 18 वर्षीय राहुल पिता भारत पटेल व 28 वर्षीय सुनील पिता रामेश्वर पटेल आज सुबह मोटर सायकल क्रमांक एम.पी.21एमडी-4752 में सवार होकर जब बस्ती के अंदर से कटनी-शहडोल मार्ग पर आ रहे थे। उसीदौरान बड़वारा की ओर जा रहे बल्कर वाहन क्रमांक एम.पी.19 एचए- 6622 ने बाइक के शहडोल मार्ग पर पहुंचते ही अपनी चपेट में लेकर बुरी तरह कुचल दिया। जिसके कारण बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कृष्ण कुमार व राहुल पटेल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सुनील पटेल की जिला चिकित्सालय में मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कटनी-शहडोल मार्ग पर चकाजाम कर दिया। मृतकों को मुआवजा व कटनी शहडोल मार्ग पर बस्ती के अंदर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग कर रहे थे। एसडीएम बलवीर रमन, नगर पुलिस अधीक्षक एम.पी.प्रजापति, एनकेजे थाना प्रभारी अंकित मिश्रा, कुठला थाना प्रभारी विपिन सिंह, कोतवाली प्रभारी विजय कुमार विश्वकर्मा, माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे, यातायात प्रभारी सूबेदार अंजू लकरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर चकाजाम समाप्त कराया।
वाहन छोड़कर चालक फरार
दुर्घटना को अंजाम देने के बाद बल्कर चालक बल्कर मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बल्कर को जप्त कर थाने में खड़ा करा दिया है तथा चालक के विरूद्ध मामला दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है।बाइक को रौंदने के बाद दीवार से भिड़ा बल्कर
एक जानकारी में यह भी बताया जाता है कि बाइक सवार तीनों युवकों को बाइक सहित रौंदने के बाद बल्कर का चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा तथा बल्कर बहक सड़क किनारे एक मकान की दीवार से टकरा गया। जिसके कारण दीवार के साथ ही बल्कर के सामने का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
जुहला-जुहली में शोक की लहर
ग्राम जुहला-जुहली के ही तीन युवकों क्रमशः कृष्ण कुमार, राहुल व सुनील की दर्दनाक मौके के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई तथा आपस में लगे दोनों गांव में सन्नाटा पसर गया। जिला चिकित्सालय में शवपरीक्षण के दौरान भी भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Exit mobile version