katni

कटनी में कैलडरीज कंपनी के अंदर फटा सिलेण्डर, तीन मजदूर घायल

कटनी। उपनगरीय क्षेत्र आयुध निर्माणी व संजयनगर के बीच स्थित कैल्डरिज कंपनी के अंदर सिलेण्डर ब्लास्ट होने का मामला प्रकाश में आया है। इस दुर्घटना में तीन मजदूरों के भी झुलसने की खबर है। जिसमें से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार जारी है ।

हालांकि निजी अस्पताल प्रबंधन न तो घटना के संबंध में कोई जानकारी दे रहा है और न ही भर्ती मजदूर के फोटोग्राफ मीडिया को उपलब्ध करा रहा है जिसके कारण यह पूरा मामला संदिग्ध हो गया है। बहरहाल घटना के संबंध में सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक उपनगरीय क्षेत्र छपरवाह निवासी परसराम मिश्रा व हरभजन शुक्ला सहित एक अन्य मजदूर गतदिवस कंपनी के अंदर रोज की तरह काम कर रहे थे। इसीदौरान सिलेण्डर से काम करते समय वह ब्लास्ट हो गया और परसराम मिश्रा, हरभजन शुक्ला व एक अन्य मजदूर झुलस गए।

सिलेण्डर ब्लास्ट होते ही कंपनी में हड़कंप मच गया और बाद में तीनों मजदूरों को शहर के एक निजी अस्पताल में लाया गया। जहां हरभजन शुक्ला व एक अन्य मजदूर को प्रारंभिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई लेकिन परसराम मिश्रा की हालत ज्यादा खराब होने के कारण उसे भर्ती कर लिया गया। परसराम मिश्रा का अब भी उपचार चल रहा है तथा वह खतरे से बाहर है। अस्पताल प्रबंधन मीडिया को घायल व उपचाररत मजदूर परसराम के फोटोग्राफ नहीं लेने दे रहा है।

Leave a Reply

Back to top button