ऐतिहासिक हाफ मैराथन में दौड़ेगा पूरा शहर लक्ष्य से दूने 20000 पंजीयन

जबलपुर, यभाप्र। स्वच्छता की अलख जगाने, यातायात नियमों के पालन के साथ ही मताधिकार का प्रयोग किये जाने का व्यापक संदेश देने के लिए रविवार 28 अक्टूबर को राइट टाउन स्टेडियम से प्रात: 6 बजे से ग्वारीघाट तक ऐतिहासिक हाफ मैराथन दौड़ शुरू होगी। जिसकी सारी तैयारियां हो चुकी हैं। इस पहली द मार्बल रॉक रन – 2018 को लेकर शहरवासियों में गजब का उत्साह देखा जा रहा है जिसका अंदाजा इसी से लगाया जा रहा है कि इस मैराथन में शामिल होने 20000 से अधिक शौकिया और पेशेवर धावकों ने पंजीयन कराया है। जबकि इसका लक्ष्य 10000 था। यानी दो गुना धावक हो गए हैं। विशाल मैराथन के आयोजन के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती छवि भारद्वाज, निगमायुक्त चन्द्रमौलि शुक्ला ने बताया कि महानगरों की तर्ज पर जबलपुर में आयोजित होने वाली हाफ मैराथन में शहर के सभी वर्गों और तबकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है। श्री शुक्ला ने बताया कि हाफ मैराथन दौड़ के लिए ऑन लाइन एवं ऑफ लाइन पंजीयन पद्धति अपनाई गई थी जिसके माध्यम से 20,000 से अधिक पंजीयन किये गए हैं।
धावकों को नकद व आकर्षक पुरस्कार
हाफ मैराथन के संबंध में निगमायुक्त चन्द्रमौलि शुक्ल ने बताया कि हाफ मैराथन में सम्मिलित होने वाले धावकों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को 5 हजार से 51 हजार तक के नकद पुरस्कार दिये जायेगें। उन्होंने बताया कि 21 किलोमीटर तक दौडऩे वाले प्रथम विजेता धावक को 51 हजार, द्वितीय विजेता धावक को 31 हजार तथा तृतीय विजेता धावक को 21 हजार रूपये की राशि उपहार स्वरूप पुरस्कार के रूप में भव्य आयोजन के दौरान प्रदान की जायेगी। इसी प्रकार 11 किलोमीटर तक के प्रथम धावक को 20 हजार, द्वितीय को 15 हजार एवं तृतीय को 10 हजार, की राशि पुरस्कार के रूप में प्रदान की जायेगी। श्री शुक्ल ने यह भी बताया कि 5 किलोमीटर तक दौडऩे वाले प्रथम विजेता धावक को 5 हजार के साथ साथ अन्य आकर्षक उपहार अन्य विजेता धावकों भी दिये जायेगें। श्री शुक्ला ने अनुसार नगद राशि के अतिरिक्त धावकों को टायमिंग चिप, मैडल एवं टी-शर्ट भी दिये जायेगें।
धावकों के लिए निर्धारित रूट
श्री शुक्ला ने बताया कि 21, 11 एवं 5 किलोमीटर तक की दौड़ के लिए रूट निर्धारित किया गया है। रूट के तहत् राइट टाउन स्टेडियम से दौड़ प्रारंभ होगी जो तीन पत्ती होते हुए छोटी लाईन फाटक, ग्वारीघाट घाट से टर्न होकर छोटी लाईन फाटक, मेडीकल रोड सूपाताल से यू टर्न लेकर वापस छोटीलाइन फाटक, राइट टाउन स्टेडियम में समाप्त होगी, 11 किलोमीटर के लिए राइट टाउन स्टेडियम से प्रारंभ होकर तीन पत्ती से होते हुए छोटी लाईन फाटक, बादशाह हलवाई मंदिर से यू टर्न, छोटी लाइन फाटक, तीन पत्ती, राइट टाउन स्टेडियम में समापन, तथा 5 किलोमीटर के लिए राइट टाउन स्टेडियम से प्रारंभ होकर तीन पत्ती, छोटी लाइन फाटक, गोरखपुर थाना से यू टर्न लेकर छोटी लाइन फाटक, तीन पत्ती, राइट टाउन में समापन होगा।
लक्ष्य था 10 हजार
श्री चन्द्रमौलि शुक्ला ने कहा कि द मार्बल रॉक रन – 2018 के लिए अधिक से अधिक धावकों के पंजीयन करने का लक्ष्य रखा था लेकिन शहर के नागरिकों ने इस आयोजन को लेकर अभूतपूर्व उत्साह दिखाया और बढ़चढ़कर इसमें शामिल होने के लिए अपना पंजीयन कराया। इस आयोजन में यातायात पुलिस, शिक्षा विभाग, तकनीकि शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य, खेलकूद विभाग, आर्मी, रेल्वे, विद्युत मण्डल एवं सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जायेगी।
उपचार सहित मनोरंजन की सुविधा
हाफ मैराथन के दौरान पूरे रुट में उपचार और मनोरंजन की सुविधा के साथ ही चलित व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगे।

Exit mobile version