Monday, April 20, 2026
Latest:
Latest

एक लाख दीपों से रोशन हुई राम की नगरी अयोध्या

अयोध्या। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी अयोध्या राममय हो चुकी है। नयाघाट राम की पैड़ी पर आज दीपोत्सव मनाया जा रहा है। यहां तकरीबन 1 लाख दीये रोशन किए गए हैं। वहीं, साकेत महाविद्यालय से हनुमानगढ़ी तक लगभग डेढ़ किमी का क्षेत्र अलग रंग में दिखाई पड़ रहा है। सड़क के दोनों किनारों के भवन पीले रंग में हैं।

उन पर रामकथा के चित्र अपनी दिव्यता का एहसास करा रहे हैं। इस पूरे क्षेत्र को भगवा और लाल ध्वज से पाट दिया गया है। लोग जगह-जगह सेल्फी लेकर इस पल को अपने कैमरे में कैद कर रहे हैं। हालांकि, सिक्योरिटी की वजह से जहां ज्यादातर दुकानें बंद हैं, वहीं सरकारी गाड़ियों की आवाजाही ज्यादा है। हनुमान गढ़ी में एंट्री के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग भी हटा दी गई है।

gg 1596551338
राम की पैड़ी पर दीपक लगाने के लिए लोग इकट्ठा हुए।
uu1 1596551380
सरयू की रौनक देखते ही बन रही है।
yy1 1596551530
सड़कों पर रंग-बिरंगी लाइटिंग की गई है।
b9 1596537867
कारसेवकपुरम् में मंदिर के लिए तराशे गए पत्थरों को देखते लोग।

फूलों से और पीले कपड़े बढ़ा रहे अयोध्या की शोभा

पीएम के स्वागत के लिए विहिप, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और प्रशासनिक अमला मिल कर काम कर रहा है। अयोध्या को पिछले दस दिनों से पीले रंग से रंगा गया है। सड़क के दोनों ओर डेढ़ किमी के दायरे में जो भी मकान-दुकान आए, उन्हें रंगा गया है। सड़क के दोनों ओर बांस बल्लियों को लगाया गया है। जिसे पीले और मिलेजुले फूलों से सजाया जा रहा है। रास्ते में पड़ने वाले घरों पर सुरक्षा की दृष्टि से कहां किस छत पर सिक्योरिटी रहेगी, इसको चेक किया गया है।

दुकानों पर झालर लगी, एक लाख दीपों से रोशन हुई राम की पैड़ी

हनुमानगढ़ी के रास्ते को पीले वस्त्रों से सजाया जा रहा है। हर घर और दुकान पर रात को रोशनी के लिए झालर लटकाए गए हैं। वहीं, हनुमानगढ़ी से नयाघाट तक जैसे पहले अयोध्या थी, वैसी ही है। नयाघाट राम की पैड़ी पर 4 अगस्त को दीपोत्सव मनाया जा रहा है। यहां तकरीबन 1 लाख दीये रोशन किए गए हैं। आमजन से अपील की गई है कि घरों में ही रहे। लोग प्रधानमंत्री को देखने को उत्सुक हैं। उनका कहना है कि बैरिकेडिंग की गई है। लेकिन, हम लोग घरों से निकल कर तो देखेंगे ही।

b10 1596538004
हनुमानगढ़ी में दर्शन पूजन के पहुंचे लोग।

आज रामार्चा और हनुमान निशान का हुआ पूजन

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए चल रहे तीन दिन के अनुष्ठान का आज दूसरा दिन है। अयोध्या में धार्मिक अनुष्ठान के दूसरे दिन राम जन्मभूमि में रामार्चा पूजा हुई। काशी और अयोध्या के 9 वेदाचार्य ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा कराई। यह छह घंटे चली। यजमान के रूप में भाजपा महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा और उनकी पत्नी मौजूद रहीं।

उधर, अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन में अब सिर्फ कुछ ही घंटे बचे हैं। 5 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर की नींव रखेंगे। इसके लिए सभी तैयारियां करीब पूरी हो चुकी हैं। इस बीच, शहर में एसपीजी ने सुरक्षा संभाल ली है। शहर की सीमाएं सील कर दी गई हैं। 5 अगस्त तक बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक भी लगा दी गई है। स्थानीय लोगों को पहचान पत्र रखना अनिवार्य है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम