Site icon Yashbharat.com

एक्शन में पुलिस: यूपी गेट पर किसानों को धरना खत्‍म करने का दिया अल्‍टीमेटम, भारी पुलिस बल तैनात

28 01 2021 live kisan news 28 jan

LIVE UP Gate News : यूपी गेट पर जमा किसानों को हटाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। गाजियाबाद जिला प्रशासन ने किसानों को यूपी गेट से धरना स्थल खाली करने का अल्टीमेटम दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, यूपी गेट से धरना स्थल आज या रात में ही खाली कराया जा सकता है।

यूपी गेट पर धरना दे रहे लोगों के खिलाफ अब स्थानीय लोग खुलकर सामने आ गए हैं। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोग प्रदर्शनकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने अपने ताजा बयान में बृहस्पतिवार को कहा कि 26 जनवरी को हमने शांतिपूर्ण तरीके से ट्रैक्टर परेड निकाली थी। जो लोग हिंसक हुए हैं उनसे हमारा कोई लेना-देना नहीं था।

हमारा आंदोलन पूर्व की भांति चलता रहेगा। शांतिपूर्ण तरीके से पिछले 2 माह से भी ज्यादा समय से हम लोग आंदोलनरत हैं। उसी तरीके से आंदोलन कैसी कानूनों की वापसी होने तक जारी रहेगा।डीएम अजय शंकर पांडेय सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर उपस्थित हैं।

बताया जा रहा है कि मेरठ रेंज से भारी फोर्स यहां आ चुकी है। यूपी के एडीजी (कानून-व्यवस्था), प्रशांत कुमार ने कहा कि 26 जनवरी को दिल्ली में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद कुछ किसान संगठनों ने स्वेच्छा से चिल्ला बॉर्डर,दलित प्रेरणा स्थल से आंदोलन वापस ले लिया। बागपत में लोगों को समझाने के बाद उन्होंने रात में धरना खत्म कर दिया। यूपी गेट पर अभी कुछ लोग हैं, उनकी संख्या काफी कम हुई है।

Exit mobile version