Site icon Yashbharat.com

उरी सेक्टर : मां फायरिंग शुरू हो गई है, फोन रखता हूं, बाद में करूंगा…यही थे शहीद शंकर के आख‍िरी शब्‍द

martyred

मां फायरिंग शुरू हो गई है अभी फोन रखता हूं बाद में करूंगा…। देश की रक्षा के लिए शहादत देने वाले पिथौराढ़ के जवान शंकर सिंह महरा के यह अपनी मां से फोन पर कहे गए अंतिम शब्द थे।
नैनीताल : मां फायरिंग शुरू हो गई है, अभी फोन रखता हूं, बाद में करूंगा…। देश की रक्षा के लिए शहादत देने वाले पिथौराढ़ के जवान शंकर सिंह महरा के यह अपनी मां से फोन पर कहे गए अंतिम शब्द थे। अपने लाल की शहादत की खबर सुनने के बाद मां बदहवास है तो पत्नी अचेत है। घर पर कोहराम मचा है।

जम्मू कश्मीर के उरी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में गंगोलीहाट तहसील के नाली गांव के नायक शंकर सिंह महरा के शहीद होने से पूरा क्षेत्र शोक में डूबा है। शहादत की खबर मिलते ही शहीद की मां और पत्नी बेहोश हैं। पूर्व सैनिक पिता की आंखे पथराई हैं। शहीद का अबोध पांच साल का बेटा गुमसुम है। जिसे देख कर ढांढस बंधाने वाले भी रो रहे हैं।

पिता भी रहे हैं फौज में, छोटा भाई भी जवान

21 कुमाऊं रेजिमेंट में तैनात नायक शंकर सिंह महरा सैन्य पृष्ठभूमि वाले परिवार से थे। पिता मोहन सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं। शहीद का छोटा भाई नवीन सिंह भी सेना के राष्ट्रीय रायफल में है और वर्तमान में जम्मू कश्मीर में तैनात है। जो शहीद के पार्थिव शरीर के साथ घर आ रहा है। शनिवार की रात्रि खबर को सुनने के बाद शहीद की मां जानकी देवी और पत्नी इंदु बेहोश हो गए थे। आसपास के ग्रामीणों ने दोनों को होश में लाया गया। दोनों अचेत हैं और ग्रामीण उनको ढांढस बंधाने में जुटे हैं।

Exit mobile version