नई दिल्ली। केंद्रीय चुनाव आयोग ने शुक्रवार को कहा कि विधानसभा और लोकसभा सीटों पर उपचुनाव कराने के लिए कार्यक्रम का एलान ‘उचित समय’ पर किया जाएगा। देशभर में 56 विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव होना है।
हालांकि आयोग ने यह साफ नहीं किया कि लंबित उपचुनाव को लेकर कब फैसला लिया जाएगा। आयोग ने गुरुवार को ही बाढ़ और कोरोना महामारी को देखते हुए सात विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव को टालने का फैसला लिया था।
इन आठ सीटों पर उपचुनाव कराने की 6 माह की समयसीमा 7 सितंबर को खत्म हो रही है। शेष 49 उपचुनाव की समय सीमा सितंबर बाद खत्म होने वाली है।

