जबलपुर। सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान आज निगमायुक्त श्री अनूप कुमार सिंह ने उखरी के आदि प्लाजा के सामने खाली जगह पर सिल्ट और कचरा डम्प करते वाहनों को पकड़ा और वहॉं पर कचरा एवं सिल्ट कैसे डम्प हो रहा है की जानकारी ली।
निगमायुक्त ने मौके पर एस्सेल ग्रुप के स्थानीय प्रबंधक को मौके पर बुलाया और तत्काल वहॉं से कचरा एवं सिल्ट उठवाने के निर्देश दिये।
उन्होंने प्रबंधक को यह भी निर्देशित किया कि शर्तो का उल्लंघन करने वाले अपने सुपरवाईजर के विरूद्ध भी कार्यवाही करें जिसपर प्रबंधक ने मौके पर ही अपने सुपरवाईजर के विरूद्ध कार्यवाही की और उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।
निरीक्षण के मौके पर निगमायुक्त ने स्वस्थ्य अधिकारी श्री भूपेन्द्र सिंह को निर्देशित किया कि नगर निगम के सुपरवाईजर का भी एक दिन का वेतन कटवाकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
आकस्मिक निरीक्षक के दौरान निगमायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि ये बड़ी लापरवाही है यहॉ। कचरा प्वाइंट नहीं रहना चाहिए यदि भविष्य में यहॉ पर कोई सिल्ट या कचरा डालते पाया जाता है।
तो अब नोटिस नहीं सीधे संबंधितों को अवैतनिक किया जायेगा। इस पर स्वास्थ्य अधिकारी तथा प्रभारी मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ने बताया कि सुपरवाईजर मेडिकल अवकाश पर है।
सुपरवाईजर का काम वार्ड का सहायक सुपरवाईजर देख रहा है, जिसे आज का अवैतनिक करते हुए यहॉं से सिल्ट और कचरा उठवाये जाने के निर्देश दिये गए हैं।
निगमायुक्त ने आज यादव कॉलोनी, रानीताल मार्ग दिव्यानी काम्पलेक्स, आदर्श कॉलोनी, कॉंचघर रोड़, रॉंझी चंदन कॉलोनी, काम्पलेक्स सहित अन्य क्षेत्रों एवं मार्गो का आकस्मिक रूप से निरीक्षण किया और मुख्य मार्गो की साफ सफाई के साथ-साथ वर्षा जल निकासी की व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि शहर में कहीं पर भी वर्षा के दौरान जल भराव की स्थिति निर्मित न हो यह सभी लोग सुनिश्चित करें और जो कमिया हैं उसे अभी दूर करने की कोशिश की जाये।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सड़क किनारे कचरे के ढेर मिलने पर अब नोटिस नहीं सीधे मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों और सुपरवाईजरों का वेतन काटा जायेगा। इसलिए आप सभी लोग सफाई व्यवस्था में कोताही न बरतें और ईमानदारी से इस कार्य को पूर्ण करें।
निरीक्षण के मौके पर ही निगमायुक्त को कुचबधिया और कोरी मोहल्ला में पानी भरने की शिकायत प्राप्त हुई जिसपर तत्काल निगमायुक्त श्री सिंह ने स्वास्थ्य एवं तकनीकी अमले को मौके पर रवाना कर सफाई कराने के साथ-साथ जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए स्थानीय जनों का पंचनामा प्रमाण-पत्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये जिसपर स्वास्थ्य एवं तकनीकी अमले ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर शिकायतों का निराकरण कराया।
निरीक्षण के अंत में निगमायुक्त श्री सिंह ने सफाई व्यवस्था में बेहतर सुधार लाने के निर्देश देते हुए यह भी कहा कि अब किसी स्तर पर मोहलत नहीं दी जायेगी। गंदगी पाए जाने पर सीधे संबंधितों के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
निगमायुक्त श्री अपून कुमार सिंह ने यह भी निर्देशित किया कि सड़क पर दोनो किनारे कहीं पर भी कोई डस्टबिन टूटी फूटी है उसे शीघ्र हटाकर उस स्थल की विशेष साफ सफाई कराएॅं।
ताकि दोबारा कचरा प्वाइंट न बन सके। निरीक्षण के दौरान उनके साथ स्वास्थ्य अधिकारी श्री भूपेन्द्र सिंह, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी श्री अनिल बारी, उपयंत्री श्री सत्येन्द्र चक्रवर्ती, श्रीमती हर्षा पटैल, श्री आनंद राव, आदि उपस्थित रहे।
