मध्यप्रदेश । बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय बुधवार को इंदौर जोन आगर मालवा में बाबा साहब आंबेडकर की मूर्ति अनावरण व भूमि पूजन कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने एससी एसटी आरक्षण पर हुए हिंसा को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने लोगों को इस मुद्दे पर भड़काने का काम किया है। जबकि सुप्रीम कोर्ट ने इस एक्ट में कोई बदलाव नहीं किया है। कैलाश विजयवर्गीय ने आरक्षण के मुद्दे पर कहा की इस देश में आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण रहेगा। दुनिया की कोई भी ताकत इस देश से आरक्षण को नहीं हटा सकती। आरक्षण के मामले में दलितों को दिग्भ्रमित किया गया है।
उन्नाव गैंगरेप पर ठोकी योगी की पीठ
उन्नाव की गैंग रेप घटना को उन्होंने अतिरेक बताया। भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजय वर्गीय ने कहा की इस मामले में कानून अपना काम कर रहा है। कोई भी कार्यकर्ता हो अगर वो भी अपराध करेगा तो उसके खिलाफ भी अपराधी जैसा ही व्यवहार होगा। सरकार निष्पक्षता से कार्य कर रही है। किसी को बख्शा नही जाएगा, मुझे लगता है थोड़ा अतिरेक भी है इसमें।
भगवा रंग होने से फर्क नहीं पड़ता
बदायूं में अम्बेडकर प्रतिमा को भगवा रंग करने पर कैलाश ने कहा की रंग से कोई फर्क नहीं पड़ता, रंग कोई भी हो। बाबा साहब द्वारा लिखित संविधान का महत्व है। वो बदला नहीं जा सकता। वहीं बाबाओं को शिवराज सरकार द्वारा राज्यमंत्री का दर्जा दिए जाने पर सरकार का बचाव करते बोले की देश बाबाओं के बगैर नहीं चल सकता। उमा भारती बाबा हैं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बाबा हैं, साधुओं का नेतृत्व समाज की दिशा तय करता है।

