शिवपुरी (करैरा)। जय किसान फसल ऋण माफी योजना कार्यक्रम में मंगलवार को करैरा पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा के साथ कांग्रेस के मंत्रियों को भी निशाने पर ले लिया। मंच से संबोधित करते हुए कहा कि सरकार के 28 मंत्रियों को मंत्रालय में कम बैठना चाहिए, गांव की चौपाल में ज्यादा बैठना चाहिए। सरकार के स्तर की समस्याएं ऊपर से सुनी जाएं, यदि ऐसा नहीं होता तो हमें ऐसी सरकार की कोई जरूरत नहीं।
सिंधिया ने मंत्रियों को नसीहत देते हुए कहा कि सरकार में बैठे लोगों की उपाधि तो है मंत्री की, लेकिन मंत्री नहीं सबसे बड़ी उपाधि होती है जिंदगी में जनसेवक की। आज मैं मंत्री नहीं हूं, न मैें सांसद हूं, लेकिन मैं एक जनसेवक आपका योद्धा हूं। जिंदगी की आखिरी सांस तक आपका सिपाही रहूंगा। मैं एक-एक विधानसभा में जा रहा हूं। जनसुनवाई में बैठ रहा हूं, सभी को निर्देशित कर रहा हूं, सभी आवेदनों पर सुनवाई कर रहा हूं। इसी तरह मंत्रियों को भी जनता के बीच जाना चाहिए
सरकार का खजाना आपके लिए
सिंधिया ने कहा कि सरकार का खजाना किसके लिए है, आपके लिए। चाहे सड़क हो, बिजली हो, चाहे ऋण माफी योजना हो, पेंशन भत्ता हो, बेरोजगारी भत्ता हो, नौजवानों की नौकरियों का सवाल हो, सड़क बनाने का काम हो, यह सब सरकार को करना चाहिए। कांग्रेस की सरकार आपके साथ समर्पित हैं। हर परेशानी, कठिनाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। जब तक एक-एक किसान का ऋण माफ नहीं होगा, तब तक चैन से नहीं बैठूंगा। अधिकारियों को कह दिया है सभी की समस्या सुनें, निराकरण करें।

