Site icon Yashbharat.com

इंदौर में लुटेरों ने शेरवानी पहनकर देखी, फिर कपड़ा व्यवसायी को पिस्टल अड़ाई, चेन-नकदी लूट ली

18 12 2020 crime loot indore

Indore Crime News: इंदौर।  इतवारिया (रंग महल) में शुक्रवार 5 बजे 47 वर्षीय कपड़ा व्यवसायी आशीष अजमेरा को दो बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर लूट लिया। बदमाश शेरवानी खरीदने के बहाने आए थे। एक ने शेरवानी पसंद कर पहन ली। बदमाशों ने अजमेरा को हाथ पैर बांध कर पटक दिया। मल्हारगंज थाना पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिल गए हैंं। एक बदमाश बाइक लेकर खड़ा हुआ था।

एएसपी(पश्चिम-2) डॉक्टर प्रशांत चौबे के मुताबिक घटना आशीष पुुत्र राजमल अजमेरा की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों ने लूट का केस दर्ज कर लिया है। उनकी अनिल कुमार अजीत कुमार के नाम से कपड़े की दुकान है। शेरवानी बेचने और किराया पर देने का काम भी करते हैं।

करीब 5 बजे दो बदमाश उनकी दुकान पर आए और शेरवानी मांगी। एक बदमाश ने काले रंग की शेरवानी(जोधपुरी) पसंद की और पहन कर देखी। तभी दूसरे ने दुकान में रखी शेरवानी की तरफ इशारा कर दिखाने के लिए कहा। जैसे ही अजमेरा शेरवानी लेने के लिए मुड़े उन्हें पिस्टल अड़ा कर पटक दिया। आरोपितों ने दुकान में रखे कपड़े से ही उनके हाथ पैर बांध दिए। उन्होंने एक चेन लूट ली और पर्स व गल्ले से करीब 15 हजार रुपए भी निकाल लिए।

टीआइ प्रीतमसिंह ठाकुर के मुताबिक बदमाशों ने गल्ले व पर्स से रुपए निकाले तो आशीष ने कहा उसमें मेरे जरुरी कागज भी है। बदमाशों ने कहा चिंता मत करो। हमको तो रुपयों से मतलब है। हम पर कर्जा बहुत है। जैसे ही रुपयों की व्यवस्था होगी लौटा देंगे।

टीआइ के मुताबिक आरोपित वो शेरवानी भी ले गए जिसे पहन कर देखी थी। एक बदमाश ग्राहक की शेरवानी ले गया। जैसे ही उनकी नजर सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी डीवीआर भी निकाल कर ले गए। हालांकि पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिल गए है। वारदात में तीन बदमाश शामिल थे। एक बदमाश बाइक लेकर बाहर खड़ा हुआ था।

Exit mobile version