Site icon Yashbharat.com

इंदौर में फ्लाइट के अंदर हंगामा, एयरहोस्टेस ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप

air hostess molestation 04 07 2018 m

इंदौर। दिल्ली से इंदौर आने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर खड़े जेट एयरवेज के विमान में एक यात्री और एयरहोस्टेस के बीच विवाद हो गया। एयरहोस्टेस ने यात्री पर छेड़छाड़ का आरोप लगा दिया। इस कारण फ्लाइट आधे घंटे देरी से रवाना हुई। विमान जब इंदौर पहुंचा तो विमानन स्टॉफ ने सीआईएसएफ को शिकायत कर दी। इस पर यात्री को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया। इससे अन्य यात्री भड़क गए और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। यात्रियों ने आरोपित यात्री के समर्थन में विमानतल प्रशासन को शिकायत करते हुए विमान के स्टॉफ पर कार्रवाई की मांग की।

विमानतल प्रबंधन के अनुसार मंगलवार रात जेट एयरवेज की फ्लाइट क्रमांक 9 डब्ल्यू 0793 दिल्ली से इंदौर आने के लिए दिल्ली विमानतल पर खड़ी थी। इसी दौरान विमान का एसी बंद हो गया। बैठे यात्रियों को घबराहट होने लगी। यात्री सुरेंद्र सिंह उल्टी आने की शिकायत करते हुए वॉशरूम की ओर जाने लगा। इस पर एयरहोस्टेस ने आपत्ति लेते हुए टेकऑफ तक सीट पर ही बैठे रहने के लिए कहा।

लेकिन सुरेंद्र वॉशरूम चला गया। वह लौटा तो एयरहोस्टेस ने आरोप लगाया कि यात्री उसे टक्कर मारते हुए गया है। इस पर सहयात्रियों ने आरोप को गलत बताते हुए सुरेंद्र का समर्थन किया। विवाद के बीच ही विमान दिल्ली से इंदौर के लिए रवाना हो गया। रात साढ़े बारह बजे विमान इंदौर पहुंचा तो स्टॉफ ने सीआईएसएफ को शिकायत की।

इस तरह घेर लिया मानो हम आतंकवादी हैं…: यात्री जब इंदौर विमानतल पर उतरे तो स्टॉफ की शिकायत पर सीआईएसएफ ने सुरेंद्र सिंह को पूछताछ के लिए रोक लिया। इस पर सहयात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। सीआईएसएफ के जवानों ने उन्हें घेर लिया। इससे बिफरे यात्रियों ने आरोप लगाया कि हमें इस तरह घेर लिया गया मानो हम आतंकवादी हैं। मामले में देर रात जेट एयरवेज प्रबंधन से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

Exit mobile version