Site icon Yashbharat.com

आयरलैंड से पहला टी20 मुकाबला थोड़ी देर में, आयरलैंड ने टॉस जीता

indian t20 27 06 2018

डबलिन। इंग्लैंड के कड़े दौरे से पहले विराट कोहली के नेतृत्व वाली टीम इंडिया बुधवार को आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच को जीतकर अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेगी।

इंग्लैंड ने हाल ही में वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का सफाया किया था, इसके चलते भारतीय टीम आयरलैंड के खिलाफ सीरीज को तैयारी के रूप में इस्तेमाल करेगी। अभ्यास सत्र के दौरान उमेश यादव और भुवनेश्वर कुमार ने ऑलराउंडर हार्दिक पांड्‍या के साथ तेज गेंदबाजी की कमान संभाली। रोहित शर्मा ने शिखर धवन के साथ अभ्यास किया तो विराट कोहली ने केएल राहुल के साथ मोर्चा संभाला। अजिंक्य रहाणे के नहीं होने के कारण राहुल चौथे क्रम के प्रबल दावेदार बन चुके हैं।

कोहली, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और महेंद्रसिंह धोनी को मार्च में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के दौरान आराम दिया गया था। कोहली, भुवी और बुमराह तो अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में भी नहीं खेले थे। मनीष पांडे, सुरेश रैना और दिनेश कार्तिक में से किसी एक को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी। इनमें भी मुख्य रूप से टक्कर कार्तिक और रैना के बीच होगी। कार्तिक जहां बल्लेबाजी में जबर्दस्त फॉर्म में हैं, वहीं रैना बल्लेबाजी में तेजी से रन बनाने के अलावा गेंदबाजी में भी मददगार साबित होते रहे हैं।

कोहली स्पिन गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव को उतारना चाहेंगे। भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान संभालेंगे। सिद्धार्थ कौल को अभी टी20 डेब्यू करना है जबकि यादव ने पिछली बार अंतिम टी20 मैच 2012 में खेला था।

टीम इंडिया जहां आईसीसी टी20 रैंकिंग में तीसरे क्रम पर है, वहीं आयरलैंड 13वें क्रम पर हैं। आयरिश टीम की मजबूत भारत के खिलाफ अग्निपरीक्षा होगी। आयरलैंड के गैरी विल्सन, पूर्व कप्तान विलियम पोर्टरफील्ड और ऑलराउंडर केविन ओ’ब्रायन भारत के खिलाफ खेल चुके हैं।

भारत ने जीता एकमात्र मैच : भारत और आयरलैंड के बीच एकमात्र टी20 मैच 2009 के टी20 विश्व कप के दौरान खेला गया था। इस मैचमें भारत ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। रोहित शर्मा ने इस मैच में फिफ्टी लगाई थी।

टीमें (संभावित) – भारत : रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली (कप्तान), केएल राहुल, दिनेश कार्तिक, महेंद्रसिंह धोनी, हार्दिक पांड्‍या, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल।

आयरलैंड : पॉल स्टर्लिंग, जेम्स शेनोन, विलियम पोर्टरफील्ड, एंडी बालबिर्नी, सिमरनजीत सिंह, गैरी विल्सन (कप्तान), केविन ओ’‍ब्रायन, स्टुअर्ट पोंटर, जॉर्ज डॉकरैल, स्टुअर्ट थॉमसन, बॉयड रैंकिन।

Exit mobile version