Latest

आप भी मिलिए दक्षिण सूडान में यूएन पदक पाने वाली भारतीय सेना की अधिकारी मेजर चेतना से

संयुक्‍त राष्‍ट्र। संयुक्‍त राष्‍ट्र की शांति सेना में विश्‍व में यदि किसी देश का सबसे बड़ा योगदान है तो वो है भारत। इसका लोहा पूरी दुनिया मानती है। भारत की तरफ से भेजी गई इस शांति रक्षक सेना में चाहे में पुरुष हों या महिलाएं सभी की भूमिका काफी अहम होती है।

09 12 2020 major chetna 21149226
major-chetna

महिलाओं के लिये इसका हिस्‍सा बनना कोई सामान्‍य बात भी नहीं है। संयुक्‍त राष्‍ट्र की अगुआई में ये शांति सेना दुनिया के सबसे मुश्किल जगहों पर और मुश्किल हालातों में आम लोगों की मदद करने में सबसे आगे होती है।

यही बात मालाकाल में तैनात शान्तिरक्षकों पर भी पूरी तरह से खरी उतरती हुई दिखाई देती है। यहां पर तैनात 800 से अधिक सैनिकों को उनकी सेवाओं के लिए पदक से सम्मानित किया गया है। इनमें भारत के वीर जवान भी शामिल हैं।

इनमें से एक हैं भारतीय सेना की मेजर चेतना। सूडान में तैनात भारतीय सेना की इंजीनियरिंग विंग में वे एकमात्र महिला अधिकारी हैं।

उनकी इस टुकड़ी में 21 शांति रक्षक हैं। उनकी टीम इस बात को सुनिश्चित करती है कि यहां पर तैनात सभी जवानों के पास बिजली की निबार्ध आपूर्ति हो सके। इसके अलावा जवानों की जरूरत का दूसरा सामान भी उनतक पहुंच सके।

 

सम्‍मान पाने के बाद मेजर चेतना ने कहा कि वो किसी भी काम में पुरुष सहयोगियों से अलग नहीं हैं। वो भी अपना काम उसी लगन से करती हैं जितनी लगन से कोई पुरुष करता है। वो खुद को उनके ही बराबर मानती हैं। इतना ही नहीं वहां मौजूद सभी पुरुष अधिकारी भी उनके साथ बराबरी का व्‍यवहार करते हैं। उन्‍होंने बताया कि उनका कोई भी पारिवारिक सदस्‍य फौज में नहीं था बावजूद इसके वो हमेशा से एक सैनिक ही बनना चाहती थीं। उनके परिवार ने इस काम में उनकी पूरी मदद की। यही वजह है कि आज वो अपना सपना सच कर पाई हैं।

उनका कहना है कि सेना की वर्दी हमेशा से ही उन्‍हें अपनी तरफ आकर्षित करती थी। इसके अलावा जवानों का अनुशासित जीवन जिसकी कोई मिसाल ही नहीं, हमेशा उन्‍हें पसंद आता था। उन्‍हें बचपन में जवानों को देखकर लगता था कि बड़े होकर वो भी उनकी ही तरह बनेंगी।

आपको बता दें कि दक्षिण सूडान दुनिया की सबसे बड़ी नील नदी के ऊपरी भाग में स्थित है। जहां तक भारतीय शांतिरक्षकों की बात है तो वो केवल मलाकाल में ही नहीं बल्कि कई दूसरे इलाकों में भी सेवाएं देने के लिए पहचाने जाते हैं।

इनमें कोडोक, बेलिएट, मेलट और रैन्क जैसे कई और दूर-दराज के क्षेत्र शामिल हैं। यहां के स्‍थानीय लोग भारतीय रक्षकों को बेहद सम्‍मान की नजर से देखते हैं।

Back to top button