आठ महीने की बच्ची को पिता ने नहर में फेंका, पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

वेब डेस्क। फिरोजाबाद जिले के जसराना थाना क्षेत्र के गांव में एक पिता ने अपनी आठ माह की बच्ची को नहर में फेंक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची का शव कब्जे में लेकर आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है।
नगला बाले निवासी रवि पुत्र भूरे सिंह का प्रेम विवाह गांव दारापुर रसैनी की रजनी के साथ हुआ था। रजनी के गर्भ ठहरने पर पंचायत के बाद दोनों की शादी हुई थी। रविवार  सुबह रवि घर से अपनी आठ माह की बच्ची रव्या को दवा दिलाने बाजार ले जाने की कहकर ले आया था। आरोप है कि दोपहर 11 बजे उसने अपनी बेटी को गांव के किनारे नहर में फेंक दिया। नहर के किनारे मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने लोगों की मदद से बच्ची के शव को नहर से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है।
मामले में जसराना थाना प्रभारी गिरीशचंद्र गौतम ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक पिता ने अपनी आठ माह की बच्ची को नहर में फेंक दिया है। जिस पर बच्ची के शव को नहर में से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आरोपी को हिरासत में ले लिया है। गांव के चौकीदार ने तहरीर दी है। जांच की जा रही है। इस मामले में आरोपी रवि का कहना है कि उसने बच्ची को नहर की पटरी पर छोड़ दिया था। वह लघुशंका कर रहा था तभी बच्ची नहर में खेलते हुए गिर गई थी।

Exit mobile version