Site icon Yashbharat.com

आज से MP के सभी सिनेमाघर बंद रहेंगे, जानिये कारण

images 8

इंदौर। मध्य प्रदेश के सिनेमाघरों में शुक्रवार से फिल्मों का प्रदर्शन नहीं होगा। नगरीय निकायों द्वारा लगाए गए मनोरंजन कर के विरोध में सेंट्रल सिने सर्किट एसोसिएशन और सिनेमा एसोसिएशन ने सिनेमाघरों की प्रदेशव्यापी हड़ताल की घोषणा कर दी है।

सिंगल स्क्रीन और मल्टीप्लेक्स में गुरुवार आधी रात से फिल्मों का प्रदर्शन अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि शुक्रवार को “लवयात्री” और “अंधाधुंध” रिलीज हो रही है। सिनेमा एसोसिएशन के डायरेक्टर बसंत लड्डा के मुताबिक दोहरे करारोपण के खिलाफ सिनेमा संचालकों ने बंद का एलान किया है।

पहले मनोरंजन कर खत्म कर “एक देश एक कर” के नारे के साथ जीएसटी लागू किया गया। हम टिकटों पर 18 से 28 प्रतिशत तक जीएसटी चुका ही रहे हैं। अब हर स्थानीय स्तर पर मनोरंजन कर लगाने का एलान कर दिया गया है। भोपाल में सिनेमाघरों पर 15 प्रतिशत और इंदौर में पांच प्रतिशत कर लगेगा।

इसी तरह ग्वालियर, जबलपुर व अन्य शहरों-कस्बों में नगर निगम और परिषद अपने-अपने हिसाब से कर की दर तय कर रहे हैं। दोहरे कर के कारण संचालन लागत तो बढ़ ही गई है। हड़ताल में प्रदेश के करीब 450 सिनेमाघर शामिल हैं। इनमें मल्टीप्लेक्स-सिंगल स्क्रीन दोनों हैं।

Exit mobile version