Site icon Yashbharat.com

आज सवा लाख युवाओं को रोजगार के ऑफर लेटर देगी सरकार

job

भोपाल। मध्‍यप्रदेश में शनिवार का दिन युवाओं को रोजगार के मौके उपलब्ध कराने के नाम रहेगा। सवा लाख युवाओं को रोजगार के ऑफर लेटर दिए जाएंगे तो डेढ़ लाख से ज्यादा युवाओं के विभिन्न् योजनाओं में स्वरोजगार के प्रकरण मंजूरी के पत्र सौंपे जाएंगे।

इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुदनी में स्वरोजगार सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। मंत्रियों को गृह जिले में आयोजित सम्मेलन का मुख्य अतिथि बनाया गया है। सबसे ज्यादा रोजगार के मौके इंदौर के हिस्से में आए हैं।

24 हजार रोजगार पर्यटन और सेवा क्षेत्र में

जिन सवा लाख युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैया हुए हैं उनमें सर्वाधिक 24 हजार पर्यटन और सेवा (टूरिज्म एण्ड हॉस्पिटेलिटी) क्षेत्र में हैं। इसके अलावा टेक्सटाइल और मैनेजमेंट क्षेत्र में 7-7 प्रतिशत, सिक्योरिटी और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में 6-6 प्रतिशत, कृषि क्षेत्र में 5 फीसदी सहित सेल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग, रिटेल, उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण, निर्माण सहित अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं।

तीन माह में 158 लगाए मेले

तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के मौके उपलब्ध कराने के लिए मई, जून और जुलाई में 158 मेले लगाए गए। 20 जिलों से 46 नर्सों का चयन ब्रिटेन में सेवा देने के लिए हुआ। चयनित युवाओं को औसत नौ हजार रुपए से लेकर चालीस हजार रुपए महीना तक वेतन मिलेगा। मेले में सुजुकी, आयशर, रिलायंस, एल एण्ड टी, टाटा मोटर्स, यूरेकाफोर्ब्स, मैग्नम, आईसीआईसीआई, एसबीआई, वर्धमान, आनंद, यशस्वी सहित 200 निजी कपंनियों ने भागीदारी की। कंपनियों ने तीन-चार चरण में चयन प्रक्रिया कर 1 लाख 25 हजार 758 का चयन किया गया।

मुद्रा योजना में एक लाख हितग्राहियों को कर्ज मंजूर

सम्मेलन में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत एक लाख से ज्यादा हितग्राहियों को कर्ज स्वीकृति के पत्र सौंपे जाएंगे। इसके अलावा राज्य सरकार की मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा उद्यमी, कृषक उद्यमी सहित अन्य योजनाओं के तहत 60 हजार युवाओं के प्रकरण स्वीकृत कर पत्र दिए जाएंगे।

किस जिले में कितनों को मिलेंगे ऑफर लेटर

जिला-लाभांवित

इंदौर–12 हजार 206

जबलपुर–8 हजार 777

बैतूल–8 हजार 430

उज्जैन– 6 हजार 487

देवास– 5 हजार 438

होशंगाबाद–5 हजार 58

भोपाल–4 हजार 503

ग्वालियर–4 हजार 146

सागर–3 हजार 685

धार–3 हजार 591

सीहोर–2 हजार 487

Exit mobile version