Site icon Yashbharat.com

आज तय होगी राहुल की ताजपोशी की तारीख

images 22 1

नई दिल्ली। राहुल गांधी को कांग्रेस की कमान जल्द ही मिल सकती है. इसके लिए मौजूदा पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को एक अहम मीटिंग बुलाई है. सोनिया के आवास 10 जनपथ में होने वाली इस मीटिंग में कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक के एजेंडे पर चर्चा होगी.

कांग्रेस वर्किंग कमिटी के पास पार्टी अध्यक्ष चुनने का अधिकार होता है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी को अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय है. माना जा रहा है कि 24 अक्टूबर तक राहुल गांधी की ताजपोशी हो सकती है.

बता दें कि कुछ दिन पहले सोनिया गांधी ने राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने को लेकर संकेत दिए थे. पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की किताब के विमोचन के मौके पर मीडिया से चर्चा में सोनिया गांधी ने राहुल को लेकर बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि आप सालों से ये सवाल पूछ रहे हैं कि राहुल गांधी कब जिम्मेदारी संभालेंगे. ये जल्द होने वाला है.

कांग्रेस वर्किंग कमिटी के चुनाव कार्यक्रम तय करने के बाद नामांकन की तारीख से लेकर वोटिंग की तारीख तक पूरी प्रक्रिया कम से कम 10 दिनों की होगी. इसके बाद राहुल गांधी की ताजपोशी को लेकर कोई ऐलान किया जाएगा.

दरअसल, राहुल को कांग्रेस की कमान सौंपने की आवाज यूं तो लंबे वक्त से उठती रही हैं, लेकिन अब इसने जोर पकड़ लिया है. चुनावी मैदान में लगातार हार का सामना कर रही कांग्रेस राहुल के नेतृत्व में आगामी चुनावों में जोर लगाना चाहती है. यही वजह है कि गुजरात और दूसरे राज्य विधानसभा चुनावों से पहले राहुल को लीडरशिप सौंपने की तैयारी चल रही है.

Exit mobile version