नेशनल डेस्क। हावाड़ा से मुंबई जा रही आजाद हिंद सुपरफास्ट एक्सप्रेस में डायनामाइट की रॉड बरामद हुई है. डायनमाइट की रॉड ट्रेन के जनरल बोगी में एक लवारिस पड़े बैग में रखी हुई थी. समय रहते आरपीएफ के जवानों ने उसे बरामद कर लिया और बड़ा हादसा टल गया है.
सूत्रों के मुताबिक छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से बिलासपुर के बीच आजाद हिंद एक्सप्रेस में डायनामाइट की रॉड बरामद हुई है. राड मिलने के बाद से शुक्रवार को बिलासपुर रेलवे स्टेशन में खलबली मच गई.
रेलवे के सुरक्षा विभाग ने एहतियात के तौर पर मामला जीआरपी को सुपुर्द कर दिया है.
जांच के दौरान पता चला कि बैग में डायनामाइट के आठ बंडल थे. फिलहाल इन सभी को जांच के लिए लैब में भेजा गया है.
आजाद हिंद एक्सप्रेस के जनरल बोगी में मिला डायनामाइट.
जीआरपी पुलिस के मुताबिक बैग से एक डायरी भी बरामद हुई है, जिसमें कुछ मोबाइल नंबर बंगाली भाषा में लिखे हुए हैं. इसी आधार पर जीआरपी पुलिस जांच कर रही है. इस घटना के बाद ट्रेन में यात्रियों के बीच दहशत बढ़ गई। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.

