Site icon Yashbharat.com

आईपीएल 2018: सनराइजर्स हैदराबाद ने लगाई जीत की हैटट्रिक

kane williamson14 2018415 042 14 04 2018

कोलकाता। कप्तान केन विलियिम्सन की फिफ्टी (50) की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद ने शनिवार को आईपीएल 2018 में कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) पर 5 विकेट से जीत दर्ज की। केकेआर के 8 विकेट पर 138 रनों के जवाब में सनराइजर्स ने 19 ओवरों में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। इसी के साथ सनराइजर्स ने जीत की हैटट्रिक पूरी की।

सनराइजर्स ने इससे पहले राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस को हराया था। यह सनराइजर्स की ईडन गार्डंस पर केकेआर के खिलाफ पहली जीत है। लक्ष्य का पीछा कर रहे सनराइजर्स को साहा ने तेज शुरुआत दिलाई। वे 15 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 24 रन बनाने के बाद नरेन की गेंद पर विकेटकीपर कार्तिक को कैच थमा बैठे। नरेन ने इसके बाद फॉर्म में चल रहे शिखर धवन (7) की गिल्लियां बिखेर दी। कुलदीप यादव ने मनीष पांडे (4) को एलबीडब्ल्यू किया।

शाकिब अल हसन (27) ने विलियम्सन का अच्छा साथ निभाया, लेकिन पीयूष चावला ने उन्हें बोल्ड किया। विलियम्सन ने नरेन की गेंद पर ‍1 रन लेते हुए फिफ्टी पूरी की। विलियम्सन (50) को जॉनसन ने रसेल के हाथों झिलवाया। इसके बाद दीपक हूडा (5 नाबाद) और यूसुफ पठान (17 नाबाद) ने जीत की औपचारिकताएं पूरी की।

इससे पहले सनराइजर्स ने टॉस जीतकर केकेआर को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और रॉबिन उथप्पा मात्र 3 रन बनाकर भुवनेश्वर कुमार के शिकार बने। केकेआर का स्कोर जब 6 ओवरों के बाद 52/1 था तब बारिश शुरू हो गई, इसके चलते 58 मिनट खेल रुका रहा। लेकिन ओवरों की संख्या कम नहीं की गई। इसके बाद बिली स्टेनलेक की गेंद पर पाइंट पर मनीष पांडे ने नीतिश राणा (18) का शानदार कैच लपका। बल्लेबाजी क्रम में डिमोट किए गए सुनील नरेन जम नहीं पाए और मात्र 9 रन बनाकर शाकिब की गेंद पर कप्तान केन विलियम्सन को कैच थमा बैठे।

अब उम्मीदें ‍क्रिस लिन पर टिक गई थी, लेकिन शाकिब ने अपनी ही गेंद पर बाई तरह डाइव लगाकर उनका शानदार कैच लपका। लिन ने 7 चौकों व 1 छक्के की मदद से 49 रन बनाए। आंद्रे रसेल के पास अच्छा मौका था, लेकिन वे 9 रन बनाकर स्टेनलेक के शिकार बने। डेब्य मैच खेल रहे शुभमन गिल प्रभावित नहीं कर पाए और 3 रन बनाकर भुवी की गेंद पर शाकिब द्वारा लपके गए। कप्तान दिनेश कार्तिक 29 रन बनाकर चलते बने, उन्हें भुवी ने पैवेलियन लौटाया। शिवम मावी को सिद्धार्थ कौल ने पैवेलियन लौटाया। भुवी ने 26 रनों पर 3 विकेट झटके। स्टेनलेक और शाकिब ने 2-2 विकेट हासिल किए।

मेजबान केकेआर ने प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए। विनय कुमार, रिंकू सिंह और टॉम कुरैन की जगह शुभमन गिल, शिवम मावी और मिचेल जॉनसन को शामिल किया गया। शुभमन और शिवम का यह आईपीएल डेब्यू है। सनराइजर्स ने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव कर संदीप शर्मा की जगह भुवनेश्वर कुमार को शामिल किया।

टीमें – केकेआर: क्रिस लिन, सुनील नरेन, रॉबिन उथप्पा, नीतिश राणा, दिनेश कार्तिक (कप्तान), शुभमन गिल, आंद्रे रसेल, मिचेल जॉनसन, शिवम मावी, पीयूष चावला, कुलदीप यादव।

सनराइजर्स : रिद्धिमान साहा, शिखर धवन, केन विलियम्सन (कप्तान), मनीष पांडे, शाकिब अल हसन, दीपक हूडा, भुवनेश्वर कुमार, राशिद खान, सिद्धार्थ कौल, बिली स्टेनलेक।

Exit mobile version