Site icon Yashbharat.com

अरुण जेटली से मिले उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, कहा- ट्रीटमेंट को कर रहे रिस्पॉन्ड, हालात स्थिर

Arun Jaitley reuters April 19 resized

नई दिल्ली। एम्स में भर्ती पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण जेटली की तबीयत में सुधार हो रहा है। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू शनिवार को जेटली के हालचाल जानने के लिए एम्स पहुंचे। मुलाकात के बाद उपराष्ट्रपति के सचिवालय द्वारा जारी बयान में डॉक्टरों के हवाले से कहा गया है कि जेटली पर इलाज का असर नजर आ रहा है और उनकी हालत स्थिर है।

बता दें कि अरुण जेटली की तबीयत शुक्रवार सुबह अचानक बिगड़ गई। सांस लेने में परेशानी और घबराहट के कारण उन्हें दिन में करीब 11 बजे एम्स में भर्ती कराया गया। उन्हें आईसीयू में रखा गया है, जहां कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. वीके बहल के नेतृत्व में चार विभागों के डॉक्टरों की टीम इलाज कर रही है।

शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे सहित कई मंत्री, नेता व बाबा रामदेव उनका हाल लेने एम्स पहुंचे। डॉ. हर्षवर्धन ने संस्थान के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया और इलाज कर रहे डॉक्टरों की टीम से बातचीत कर जेटली के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।

66 वर्षीय जेटली कुछ समय से सॉफ्ट टिश्यू कैंसर (सारकोमा) से पीड़ित हैं। गत जनवरी में इसका इलाज कराने वह अमेरिका गए थे। वहां से लौटने के बाद से एम्स में ही उनका इलाज चल रहा है। उन्हें लंबे समय से मधुमेह की समस्या भी है।

सितंबर 2014 में मैक्स अस्पताल में उनकी बैरियाट्रिक सर्जरी की गई थी। इसके बाद उन्हें किडनी की परेशानी हो गई थी। इस वजह से मई 2018 को एम्स में ही उनका किडनी प्रत्यारोपण किया गया। इसके कुछ महीने बाद सॉफ्ट टिश्यू कैंसर का पता चला था। खराब स्वास्थ्य की वजह से उन्होंने लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ा था।

Exit mobile version